Delhi News: दिल्ली के लोगों का करीब एक दशक लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन 29 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। करीब 3.5 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ेगा। इसके शुरू होने के बाद पूर्वी दिल्ली और दक्षिण दिल्ली के बीच सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी उपलब्ध होने की उम्मीद है।

AIIMS तक सफर में आएगी तेजी

बारापुला फेज-3 के चालू होने से मयूर विहार, नोएडा और आसपास के इलाकों से सराय काले खां के रास्ते मध्य और दक्षिण दिल्ली पहुंचना आसान होगा। मौजूदा बारापुला नेटवर्क से जुड़ने के बाद वाहन JLN स्टेडियम, INA और AIIMS की ओर आगे बढ़ सकेंगे। जानकारी के अनुसार पीक ऑवर में मयूर विहार से AIIMS तक का सफर करीब 35-40 मिनट से घटकर लगभग 15 मिनट रह सकता है।

जिसे कोई नहीं पूछ रहा था, उसके लिए फरिश्ता बनी महिला! गोवा का ये वीडियो भावुक कर देगा

यमुना के ऊपर बना एलिवेटेड कॉरिडोर

इस परियोजना में यमुना के ऊपर विशेष ब्रिज स्ट्रक्चर के साथ एलिवेटेड रोड तैयार की गई है। कॉरिडोर में 3 लेन के अलावा साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। मयूर विहार और सराय काले खां की ओर कुल आठ लूप बनाए गए हैं, जिससे अलग-अलग दिशाओं में आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा मिलेगी।

2014 में मिली थी मंजूरी

बारापुला फेज-3 को वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी और इसका निर्माण 2015 में शुरू हुआ था। वहीं परियोजना की शुरुआती लागत करीब 1,260.63 करोड़ रुपये थी, जिसे बाद में बढ़ाया गया। परियोजना पूरी होने के बाद यह मौजूदा बारापुला नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी बनेगी।

ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद

कॉरिडोर के शुरू होने से DND फ्लाईवे, NH-24 और रिंग रोड पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही सराय काले खां के मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब तक पहुंच बेहतर हो सकती है। लंबे समय से निर्माणाधीन इस परियोजना के खुलने के बाद पूर्वी दिल्ली, नोएडा और दक्षिण दिल्ली के बीच सड़क संपर्क में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकता है।

ये भी पढ़ें: कम नींद बन सकती है दिल के लिए खतरा? जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स