Hyderabad Bjym Protest: हैदराबाद में भारत समिट के आयोजन स्थल के बाहर शनिवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी HICC नोवोटेल पहुंचे और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें वापस जाने की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और स्थानीय थानों में भेज दिया।
यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ, जब राहुल गांधी शहर में गिग वर्कर्स के साथ बाइक रैली और संवाद कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। उनकी रैली शिल्पकला वेदिका से शुरू हुई थी। इसके बाद उन्होंने गिग वर्कर्स को संबोधित किया और तेलंगाना सरकार की ओर से उनके लिए शुरू की गई सामाजिक सुरक्षा योजना की जानकारी दी।
भारत समिट के आयोजन स्थल पर हुई नारेबाजी
राहुल गांधी भारत समिट 2026 में शामिल होने के लिए हैदराबाद पहुंचे हैं। शनिवार को BJYM कार्यकर्ताओं ने समिट के आयोजन स्थल के बाहर उनके खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी से वापस जाने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और उन्हें स्थानीय पुलिस थानों में भेज दिया।
गिग वर्कर्स के लिए 15 लाख रुपये तक के बीमा का ऐलान
दूसरी ओर, राहुल गांधी ने शनिवार को तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा देने का अपना वादा पूरा किया है। इस योजना के तहत कामगारों को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। राहुल गांधी के मुताबिक, योजना में कामगारों की कमाई का एक प्रतिशत हिस्सा पेंशन के लिए योगदान के रूप में रखा जाएगा। इसके अलावा उन्हें अपने काम से जुड़े डेटा और कमाई पर अधिकार देने की बात भी कही गई है। अलग-अलग स्थानों पर वाई-फाई की सुविधा वाले विश्राम केंद्र बनाने का भी प्रावधान है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि साल 2023 में उन्होंने तेलंगाना के गिग वर्कर्स के साथ विस्तार से बैठक की थी। उस दौरान कामगारों ने अपनी परेशानियां, जरूरतें और मांगें उनके सामने रखी थीं। उन्होंने तब उनकी मांगों पर काम करने और सुरक्षा देने का भरोसा दिया था। राहुल गांधी ने कहा कि अब उस भरोसे को पूरा किया गया है।
70 देशों के प्रतिनिधि ले रहे हैं हिस्सा
राहुल गांधी शुक्रवार रात हैदराबाद पहुंचे थे। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। भारत समिट 2026 में करीब 70 देशों के एक हजार प्रतिनिधि, नीति निर्माता और विचारक हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में वैश्विक राजनीति, लोकतंत्र, जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रगतिशील राजनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, सलमान खुर्शीद और शशि थरूर समेत कई वरिष्ठ नेता भी इसमें शामिल हैं।