दिल्ली के नांगली विहार (नांगलोई) इलाके की दास गार्डन कॉलोनी के पास एक खुला मैनहोल में 4 साल का बच्चा सीवर में गिर गया है, जिसे बाहर निकालने के लिए NDRF और कई अन्य टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

खुले सीवर के मैनहोल में गिरा

नांगली विहार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दास गार्डन कॉलोनी के पास एक 4 साल का बच्चा खुले सीवर के मैनहोल में गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए NDRF समेत कई एजेंसियों ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पार्क में खेलने आया था

बच्चे की पहचान इमरान के रूप में हुई है। वह अपनी मां के साथ पार्क में खेलने आया था। इसी दौरान वह सीवर के पास पहुंचा और खुले मैनहोल में गिर गया। बच्चे के पिता खुर्शीद आलम ने बताया कि सीवर खुला हुआ था, जिसमें उनका बेटा गिर गया।

NDRF, पुलिस और BSF रेस्क्यू में जुटीं

सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी एजेंसियां मिलकर बच्चे की तलाश कर रही हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सीवर के अंदर बच्चे का पता लगाने के लिए विशेष स्कैनिंग उपकरण और सक्शन पंपों की मदद ली जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

अभी तक नहीं मिला मासूम, तलाश जारी

दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद बचाव दल को तत्काल मौके पर भेजा गया था। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि बच्चे के सीवर में गिरने के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही है। बचाव अभियान के कई घंटे बीत जाने के बावजूद बच्चे का पता नहीं चल सका था।

बच्चे को खोजने में जुटी टीमें

सीवर की गहराई और अंदर मौजूद पानी के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। NDRF की टीम तकनीकी उपकरणों की मदद से बच्चे को खोजने में जुटी है। फिलहाल बच्चे के सुरक्षित बाहर निकाले जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।