हाजीपुर: बिहार के वैशाली ज़िले के राघोपुर दियारा इलाके में गंगा नदी में एक नाव के पलटने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में नाबालिग और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और राहत एवं बचाव दल मौके पर लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।

नाव पलटने से बैशाली में 11 लोगों की हुई मौत

इस हादसे की जानकारी देते हुए वैशाली के ज़िला मजिस्ट्रेट ने बताया कि वैशाली ज़िले के राघोपुर दियारा इलाके में नाव पलटने से 11 लोगों की मौत हुई है। नाव पर करीब 15 से 20 लोग सवार थे और सभी भोज में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास नाव नदी में पलट गई। "मरने वालों में ज़्यादातर नाबालिग हैं। ज़िला पुलिस अधिकारी और SDRF की टीम को खोज अभियान चलाने के लिए भेजा गया है और फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे में कितने लोग लापता हैं और नाव पलटने की वजह क्या रही, इसे लेकर अधिक जानकारी सामने नहीं आई है और स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी इस घटना पर दुख जताया और राहत, बचाव तथा घायलों के उपचार में तेजी लाने की बात कही। इस दुखद घटना ने एक बार फिर नदी में नाव से यात्रा करने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें-तमिलनाडु के CM विजय ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से की मुलाक़ात, चेन्नई के लिए मांगा अतिरिक्त पानी