नई दिल्ली: सर्दियों के दस्तक देने से पहले ही दिल्ली-NCR की हवा एक बार फिर बिगड़ने लगी है। राजधानी दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) रविवार को 187 दर्ज किया गया, जो 'Moderate' यानी मध्यम श्रेणी के ऊपरी स्तर पर है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के 24 घंटे के बुलेटिन के मुताबिक, यह करीब 83 दिनों में दिल्ली का सबसे खराब AQI है। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के बीच NCR के कई शहरों की स्थिति दिल्ली से भी खराब रही। नोएडा का AQI 281, गाजियाबाद का 248 और फरीदाबाद का 224 दर्ज किया गया। ये तीनों शहर 'Poor' यानी खराब श्रेणी में पहुंच गए हैं।
दिल्ली में PM10 बना सबसे बड़ा प्रदूषक
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 46 सक्रिय एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 43 से मिले आंकड़ों में PM10 प्रमुख प्रदूषक रहा। AQI की बात करें तो 101 से 200 के बीच का स्तर 'Moderate' माना जाता है। CPCB के अनुसार इस स्तर की हवा फेफड़ों, अस्थमा और हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सांस लेने में परेशानी पैदा कर सकती है।
AQI की पूरी श्रेणियां इस तरह हैं
0-50: Good (अच्छा)
51-100: Satisfactory (संतोषजनक)
101-200: Moderate (मध्यम)
201-300: Poor (खराब)
301-400: Very Poor (बहुत खराब)
401-500: Severe (गंभीर)
नोएडा-गाजियाबाद में दिल्ली से भी खराब हवा
NCR के शहरों में रविवार को प्रदूषण का स्तर चिंता बढ़ाने वाला रहा। नोएडा 281 AQI के साथ 'Poor' श्रेणी में रहा, जबकि गाजियाबाद में AQI 248 दर्ज किया गया। फरीदाबाद का AQI भी 224 रहा। इन शहरों में PM10 और PM2.5 प्रमुख प्रदूषक रहे। दूसरी तरफ गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा की हवा फिलहाल 'Moderate' श्रेणी में रही। गुरुग्राम का AQI 166 और ग्रेटर नोएडा का 171 दर्ज किया गया।
दिल्ली में गर्म और शुष्क रहा मौसम
प्रदूषण बढ़ने के साथ दिल्ली में मौसम भी फिलहाल गर्म और शुष्क बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 51 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि पिछले 24 घंटे में बारिश नहीं हुई।
मंगलवार को बारिश से मिल सकती है थोड़ी राहत
IMD के सात दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। मंगलवार को कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है, जिससे प्रदूषण से अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बाद सप्ताह के बाकी दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।
सितंबर में पांच साल का सबसे बेहतर औसत AQI
दिल्ली में अभी भले ही प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा हो, लेकिन सितंबर का महीना पिछले पांच वर्षों की तुलना में बेहतर रहा था। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के मुताबिक, सितंबर 2026 में दिल्ली का औसत AQI 102 रहा, जो पिछले पांच वर्षों में सितंबर का सबसे कम मासिक औसत है।
तुलना करें तो सितंबर में औसत AQI
2025: 105
2024: 105
2023: 108
2022: 104
2026 में 'Moderate' दिनों की संख्या भी ज्यादा
वहीं मंत्रालय के अनुसार, जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान दिल्ली में ऐसे दिनों की संख्या भी सबसे अधिक रही, जब दैनिक औसत AQI 200 से नीचे यानी 'Moderate' श्रेणी में रहा। इस साल ऐसे 194 दिन दर्ज किए गए। वहीं 2025 में 187, 2024 में 188, 2023 में 193 और 2022 में 146 दिन दर्ज हुए थे। इसी अवधि में 'Poor' से 'Severe+' श्रेणी वाले दिनों की संख्या भी पिछले पांच वर्षों में सबसे कम रही। जनवरी-सितंबर 2026 के दौरान ऐसे 79 दिन दर्ज किए गए, जबकि 2025 और 2024 में 86-86, 2023 में 80 और 2022 में 127 दिन दर्ज हुए थे।
सर्दियों से पहले प्रदूषण पर बढ़ी निगरानी
मंत्रालय ने कहा है कि Commission for Air Quality Management (CAQM) दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण की रोकथाम, नियंत्रण और प्रभाव को कम करने के लिए अलग-अलग हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहा है। मंत्रालय के मुताबिक आने वाले दिनों में इन प्रयासों को और तेज किया जाएगा, ताकि दिल्ली-NCR की हवा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।
सर्दियों में दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ने का खतरा सामान्य तौर पर अधिक रहता है। मौसम संबंधी परिस्थितियों के साथ-साथ अलग-अलग स्रोतों से होने वाला उत्सर्जन भी इस दौरान हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करता है। ऐसे में सर्दियों से पहले बढ़ता AQI प्रशासन और आम लोगों, दोनों के लिए चिंता का संकेत है।