नई दिल्ली: अमेरिका के शिकागो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' (Sick) बताए जाने वाले बयान पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें 'भारत विरोधी प्रचार का नेता' बताया। इस बयान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस तेज हो गई है। राहुल गांधी के बयान और बीजेपी की प्रतिक्रिया ने भारतीय लोकतंत्र को लेकर एक नई राजनीतिक चर्चा शुरू कर दी है।
राहुल गांधी ने विदेश की धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताया
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी और राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने विदेश की धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताया है। इसे लेकर भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक ढांचे के खिलाफ हैं। भंडारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय लोकतंत्र के प्रति अपना अनादर दिखाया है।
लोकतांत्रिक मूल्यों से ऊपर अपने परिवार को प्राथमिकता देते हैं राहुल
इस संदर्भ में BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि, राहुल गांधी ने विदेश की धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताया है। भंडारी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक मूल्यों से ऊपर अपने परिवार को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, "राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें अपने परिवार से प्यार है और लोकतंत्र से नफरत!"
'भारत-विरोधी प्रचार' करते हैं राहुल गांधी
इसे लेकर प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर भारतीय राज्य और देश के लोकतांत्रिक ढांचे के खिलाफ होने का भी आरोप लगाया। भंडारी ने कहा कि, "हर बार राहुल यह साबित करते हैं कि वह भारतीय राज्य, भारत के लोगों और भारत के लोकतांत्रिक ढांचे के खिलाफ हैं!" भंडारी ने कांग्रेस नेता पर और तीखा हमला करते हुए राहुल गांधी को 'भारत-विरोधी प्रचार' (anti-India propaganda) का नेता बताया।