मुंबई: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में ‘जेल भरो आंदोलन’ चलाने की घोषणा की है। यह घोषणा मुंबई पुलिस द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद की गई है।

CJP ने X पर पोस्ट कर ‘जेल भरो आंदोलन’ की जानकारी दी

इस संदर्भ में CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन मुंबई के शिवाजी पार्क में ‘जेल भरो आंदोलन’ आयोजित किया जाएगा। दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पहले इसी दिन मुंबई के इसी शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन करना चाहती थी, लेकिन पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया।

SIRऔर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे लेकर CJP का आंदोलन

कॉकरोच जनता पार्टी ने इस आंदोलन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उसका यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रोकने एवं चुनाव आयोग से जुड़ी कानूनी प्रावधानों में बदलाव जैसी मांगों को लेकर है। हालांकि, इस संदर्भ में CJP ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

CJP ने कहा लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा

हालांकि इस आंदोलन को लेकर मुंबई पुलिस ने स्पष्ट करते हुए कहा है कि शिवाजी पार्क में सभा या प्रदर्शन की अनुमति देने का अधिकार उसके पास नहीं है। पुलिस ने बताया कि बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों, सरकारी नियमों, यातायात व्यवस्था, शोर प्रदूषण एवं आसपास के अस्पतालों पर संभावित प्रभाव की वजह से आयोजकों को वैकल्पिक स्थान तलाशने की सलाह दी गई है। लेकिन, CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने पुलिस के इस फैसले की आलोचना करते हुए इसे नागरिकों की आवाज दबाने का प्रयास बताया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए यह आंदोलन जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें-Asian Games 2026: भारत का एक और गोल्डन जीत, कंपाउंड मिक्स्ड टीम ने रचा इतिहास