Rahul Gandhi Hyderabad Visit: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हैदराबाद दौरे से पहले तेलंगाना में सियासी माहौल गरमा गया है। शनिवार को उस्मानिया यूनिवर्सिटी के छात्रों और भारत राष्ट्र समिति विद्यार्थी (BRSV) के नेताओं ने अशोक नगर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी से उस चाय की दुकान पर दोबारा आने की मांग की, जहां उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान बेरोजगार युवाओं के साथ चाय पी थी और रोजगार देने का वादा किया था।

छात्र नेताओं का आरोप है कि तेलंगाना में कांग्रेस सरकार बने करीब तीन साल हो चुके हैं, लेकिन चुनाव के दौरान किए गए रोजगार के वादे पूरे नहीं हुए। उनका दावा है कि कांग्रेस ने हर साल 2 लाख नौकरियां देने का वादा किया था। इस हिसाब से अब तक 6 लाख नौकरियां भरी जानी चाहिए थीं, लेकिन उनके मुताबिक 10 हजार नौकरियां भी नहीं दी गई हैं।

राहुल गांधी की तस्वीर वाली कुर्सी रखकर किया प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान BRSV नेताओं ने अशोक नगर की उसी चाय की दुकान पर राहुल गांधी की तस्वीर लगी एक कुर्सी रखी। इसके आसपास बैठकर छात्रों ने चाय पी और प्रतीकात्मक विरोध जताया।

BRSV नेताओं श्रीकांत और नागेंद्र समेत कई छात्र इस प्रदर्शन में शामिल हुए। छात्र संगठनों की मांग है कि राहुल गांधी अपने भारत समिट दौरे के दौरान चिक्कड़पल्ली सेंट्रल लाइब्रेरी और अशोक नगर की चाय की दुकान पर जाएं। वहां एक बार फिर बेरोजगार युवाओं के साथ बैठकर चाय पिएं और नौकरी के वादे पर जवाब दें।

2023 में युवाओं से मुलाकात कर किया था नौकरी का वादा

दरअसल, नवंबर 2023 में तेलंगाना विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने चिक्कड़पल्ली स्थित सिटी सेंट्रल लाइब्रेरी का दौरा किया था। वहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से बातचीत की थी। इसके बाद 25 नवंबर को अशोक नगर में भी बेरोजगार युवाओं के साथ चाय पर चर्चा की थी।

उस समय राहुल गांधी ने तत्कालीन BRS सरकार पर पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं के नोटिफिकेशन रद्द होने और नियुक्तियों में देरी जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा था। उन्होंने कांग्रेस के सत्ता में आने पर पहले साल में 2 लाख सरकारी रिक्तियां भरने का वादा भी किया था।

गिग वर्कर्स के कार्यक्रम में शामिल होने हैदराबाद पहुंचे राहुल गांधी

राहुल गांधी 14 नवंबर को हैदराबाद में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। यह कार्यक्रम हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) के पास आयोजित किया जा रहा है। इसमें तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर्स (रजिस्ट्रेशन, सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर) एक्ट, 2026 के तहत कल्याणकारी उपायों और नियमों की शुरुआत प्रमुख एजेंडा है।

कार्यक्रम में डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवर और अन्य प्लेटफॉर्म आधारित कर्मचारियों के शामिल होने की उम्मीद है। भारत समिट 2026 के साथ आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य फोकस गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी सुविधाओं को लागू करना है। 

और पढ़ें: अखिलेश यादव ने ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन को बताया अच्छी पहल, बोले- भावनात्मक मुद्दों से हटकर उठेंगे जनता के सवाल