Datia Road Accident: मध्य प्रदेश के दतिया जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बता दें कि रतनगढ़ माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 20 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मोड़ पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, तीन ट्रैक्टर एक साथ श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर की ओर जा रहे थे। इनमें से दो ट्रैक्टर हादसे वाली जगह को पार कर गए, जबकि तीसरा ट्रैक्टर पुल के पास मोड़ लेते समय पलट गया। ट्रॉली में करीब 25 से 30 लोग सवार थे।
पांच गंभीर घायलों को ग्वालियर किया गया रेफर
हादसे में घायल लोगों को दतिया और ग्वालियर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पांच गंभीर घायलों में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। उन्हें ग्वालियर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज दतिया मेडिकल कॉलेज और आसपास के अस्पतालों में चल रहा है।
ग्वालियर ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. जय नारायण बघेल ने बताया कि हादसे में अब तक दो लोगों की मौत और करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती पांचों मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और सभी होश में हैं। उनके सीटी स्कैन और एक्स-रे भी कराए गए हैं।
घायलों की हालत पर डॉक्टरों की नजर
डॉ. बघेल के अनुसार, पांचों घायल मरीज अपना नाम और अन्य जानकारियां बताने की स्थिति में हैं। उनका इलाज जारी है। वहीं, दतिया में भर्ती अन्य घायलों का भी उपचार किया जा रहा है।