Bangladesh Beat India: विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारत और बांग्लादेश के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया था, जिसमें बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को 3 रन से हरा दिया।

मैच में बांग्ला टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 9 विकेट खोकर 141 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 138 रन ही बना सकी और 3 रन से मैच गंवा बैठी। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस मैच में भारत चैंपियन की ओर से युवराज सिंह, अंबाती रायडू और इरफान पठान जैसे शीर्ष खिलाड़ी खेल रहे थे।

बांग्लादेश ने बनाए थे 141 रन

शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में इंडिया चैंपियन के कप्तान युवराज सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बैटिंग करने उतरी बांग्लादेश की टीम निरंतर अंतराल पर अपने विकेट गंवाए और अंत में 20 ओवर में सिर्फ 141/9 ही बना सकी।

बांग्लादेश चैंपियन की ओर से रोनी तालुकदार ने सर्वाधिक 40 रन बनाए थे तो अराफात सनी ने 37 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से पीयूष चावला ने 3 विकेट झटके तो पवन नेगी और ऋषि धवन ने दो-दो विकेट साझा किए। वहीं, एक विकेट मोहित शर्मा के खाते में गया।

युवराज-रायडू रहे फ्लॉप

बांग्लादेश चैंपियन द्वारा दिए गए 142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया चैंपियन की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के ओपनर अंबाती रायडू सिर्फ 3 के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद टीम इंडिया लगातार विकेट गंवाती रही और 20 ओवर में 138/8 रन ही बना सकी। इस मैच में युवराज सिंह बिना खाता खोले आउट हुए तो इरफान पठान ने 41 गेंदों पर 24 रन की पारी खेली।

वहीं, स्टुअर्ट बिन्नी (15), रॉबिन उथप्पा (15), यूसुफ पठान (4) भी सस्ते में ड्रेसिंग रूम लौट गए। हालांकि, ऋषि धवन (18 पर 24), पवन नेगी (14 गेंदों पर 26 नाबाद) और पीयूष चवला (18 बॉल पर 24 नाबाद) ने कुछ आकर्षक शॉट्स जरूर खेले, लेकिन वह अपनी टीम को जीत की रेखा पार नहीं करवा सके।

इनामुक हक जूनियर ने पलटी बाजी

बांग्लादेश चैंपियन की जीत में सबसे बड़ा योगदान बाएं हाथ के स्पिनर इनामुल हक जूनियर का रहा। उन्होंने मैच में 3 ओवर की गेंदबाजी की और सिर्फ 12 रन खर्च किए। इस दौरान उन्होंने इंडिया चैंपियन के चार बड़े विकेट भी झटके। इनामुल ने यूसुफ पठान, ऋषि धवन, अभिमन्यु मिथुन और इरफान पठान के बड़े विकेट लिए थे। उनको इस शानदार गेंदबाजी और मैच विनिंग प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

ये भी पढ़ें- IND vs WI Live Streaming: Sony Liv या Fancode नहीं, आप यहां देख सकते हैं भारत-वेस्टइंडीज का ब्लॉकबस्टर मैच, यहां देखें फ्री में