ICC Player of the Month: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा को सितंबर 2026 में ‘आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ’ के पुरस्कार से नवाजा गया है। महिला एशिया कप 2026 और एशियाई खेलों में इस ओपनर का बल्ला खूब गरजा था और भारत को दोनों प्रतियोगिताओं में चैंपियन बनाने में इनका बहुमूल्य योगदान रहा।

यह दूसरी बार है जब शेफाली ने यह मंथली अवॉर्ड जीता है। 22 साल की शेफाली ने पहली बार पिछले साल नवंबर में यह अवॉर्ड जीता था, जब उन्होंने भारत को घरेलू मैदान पर आईसीसी विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप जिताने में मदद की थी।

यह मेरे लिए सम्मान की बात- शेफाली

युवा ओपनर ने ‘आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ’ बनने के बाद कहा, "आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड फिर से जीतना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। एशिया कप और एशियन गेम्स में हमारी जीत में अपनी भूमिका निभाना बहुत संतोषजनक था, और यह अवॉर्ड जीतना उन जीतों को और भी खास बनाता है।"

शेफाली भारतीय व्हाइट बॉल टीम का अहम हिस्सा हैं और टीम को तूफानी शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाती हैं। इस धाकड़ बल्लेबाज ने एशियाई खेलों में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार शतक भी ठोका था।

गिल को भी मिला ईनाम

भारतीय पुरुष टीम के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को भी आईसीसी द्वारा ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ’ का अवार्ड दिया गया है। शुभमन वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन किया था।

पहले मैच में जहां उन्होंने शतकीय पारी खेली थी तो रिकॉर्ड रन चेज में उन्होंने 133 गेंदों पर नाबाद 223 रन बनाए थे। उनकी इस दोहरे शतक के चलते टीम इंडिया ने 406 का टारगेट सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। शुभमन के एकदिवसीय करियर का यह दूसरा दोहरा शतक था।

अभिषेक-सिकंदर को पछाड़ा

आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ की दौड़ में शुभमन गिल की सीधी टक्कर बचपन के दोस्त अभिषेक शर्मा और जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा से थी। हालांकि, शुभमन ने अपने शानदार प्रदर्शन से इस ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया है। यह पांचवां मौका है, जब युवा कप्तान को ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ’ के खिताब से नवाजा गया है।

आपको बता दें कि शुभमन गिल ने पिछले महीने सिर्फ दो वनडे पारियां खेली थीं और इस पुरस्कार को अपने नाम करने में सफल रहे। हालांकि, अभिषेक ने भी टी20 क्रिकेट में कई अच्छी पारियां खेली, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ शतक भी शामिल था।

ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड दौरे से बाहर हुआ स्टार खिलाड़ी, 21 साल के बल्लेबाज ने किया रिप्लेस, BCCI ने की पुष्टि