Team India Changes:  शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। अब भारत का लक्ष्य अंतिम वनडे को जीतकर सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होगा, जो 3 अक्टूबर 2026 को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। 

इस मैच में भारतीय टीम मैनेजमेंट तीन बड़े बदलाव के साथ मैदान पर उतर सकता है। यह फैसला इसलिए किया जा सकता है, क्योंकि इस सीरीज में अभी तक कुछ ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिनको सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है और इस मैच में टीम प्रबंधन उन्हीं को मौका देने पर विचार कर सकता है।

प्रसिद्ध आउट, सिराज इन

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जिसके बाद उनको आखिरी वनडे से बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह अंशुल कंबोज को स्क्वाड में शामिल किया है। 

हालांकि, इस मैच में अंशुल का खेलना मुश्किल है, क्योंकि उनसे पहले मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। सिराज पिछले दोनों मैचों में बेंच पर बैठे थे और यही वजह है कि टीम प्रबंधन इस अनुभवी गेंदबाज को चांस दे सकता है।

आकिब हो सकते हैं बाहर

गुवाहाटी के बरसापारा इंटरनेशनल स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर के मध्यम तेज गेंदबाज आकिब नबी को डेब्यू करने का मौका मिला था, लेकिन वह अधिक प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। उन्होंने 8.5 ओवर में 85 रन दिए थे और बिना विकेट के रहे थे।

 इसके बाद टीम प्रबंधन आखिरी वनडे मैच की प्लेइंग इलेवन में आकिब को बाहर करके उनकी जगह नीतीश कुमार रेड्डी को शामिल कर सकते हैं, जो बल्ले और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने की क्षमता रखते हैं। 

आपको बता दें कि, रेड्डी आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के प्लान का अहम हिस्सा हैं और इसके कारण टीम प्रबंधन उनको अधिक से अधिक मौके देना चाहती है, ताकि वह बड़े मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर सके।

शुभमन को आराम, यशस्वी करेंगे ओपन!

भारतीय वनडे कप्तान शुभमन गिल ने शुरुआती दोनों मैचों में कमाल का प्रदर्शन किया था। तिरुवनंतपुरम में उन्होंने शतक बनाया था तो गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे में नाबाद डबल सेंचुरी ठोकी थी। 

भारत सीरीज जीत चुकी है और ऐसी स्थिति में शुभमन को आराम देकर उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को ओपनिंग करने का मौका दिया जा सकता है। 

तीसरा वनडे जायसवाल के लिए भविष्य के असाइनमेंट से पहले कुछ एकदिवसीय अनुभव हासिल करने का एक अच्छा प्लेटफॉर्म होगा। वहीं, शुभमन की जगह केएल राहुल कप्तानी मोड में दिख सकते हैं, जो इस सीरीज में टीम इंडिया के वाइस कैप्टन हैं।

ये भी पढ़ें- ICC ने क्रिकेट में किए नए बदलाव, 1 अक्टूबर से लागू हुए नियम, टेस्ट से वनडे तक ये पड़ेगा असर