नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के संस्मरण ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर उनके दामाद और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं को खास सलाह दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को सोनिया गांधी की इस किताब को खुले मन से पढ़ना चाहिए और उनके जीवन से सीख लेनी चाहिए। वाड्रा ने सोनिया गांधी को मजबूत, ईमानदार और संघर्षों से लड़ने वाली महिला बताते हुए उनके जीवन, अनुभव और देश के प्रति समर्पण की सराहना की।
मीडिया से बातचीत में रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि उन्हें अपनी सास सोनिया गांधी पर गर्व है। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी ने मंगलवार को उन्हें यह किताब भेंट की थी। हालांकि, उन्होंने अभी तक किताब पढ़ी नहीं है, लेकिन वह इसे पाकर बेहद खुश हैं।
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा खास संदेश
रॉबर्ट वाड्रा ने बताया कि सोनिया गांधी ने किताब पर उनके लिए एक व्यक्तिगत संदेश भी लिखा है। उन्होंने कहा, "उन्होंने मेरे लिए लिखा है- मेरे दामाद रॉबर्ट को ढेर सारे प्यार के साथ, तुम्हारी सास। यह मेरे लिए एक व्यक्तिगत किताब है, जिसे मैं निश्चित रूप से पढ़ूंगा।"
वाड्रा के मुताबिक, इस संस्मरण को पूरा करने में करीब 12 साल लगे हैं। इसमें सोनिया गांधी के वास्तविक जीवन के अनुभवों और उनके संघर्षों को जगह दी गई है।
सोनिया गांधी के संघर्ष और फैसलों की तारीफ
वाड्रा ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने जीवन में कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन हर बार मजबूती के साथ उनका मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी में हमेशा से काफी ताकत, धैर्य, ऊर्जा और परिस्थितियों से निपटने की क्षमता रही है।
उन्होंने कहा कि गांधी परिवार में शादी करके भारत आना और यहां की जिम्मेदारियों को निभाना आसान नहीं था। इसके लिए बहुत हिम्मत और समर्पण की जरूरत होती है।
ED की पूछताछ के दौरान सोनिया गांधी ने दिया साथ
रॉबर्ट वाड्रा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ का जिक्र करते हुए बताया कि उस मुश्किल दौर में सोनिया गांधी ने उनका लगातार साथ दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें झूठे आरोपों के तहत बार-बार पूछताछ के लिए बुलाया गया। वाड्रा ने कहा कि जब भी वह पूछताछ से वापस लौटते थे, सोनिया गांधी उनके हालचाल जानने के लिए इंतजार करती थीं। उनके अनुभव और समर्थन से उन्हें मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने की ताकत मिली।
2004 में प्रधानमंत्री पद छोड़ने के फैसले को बताया समझदारी भरा
सोनिया गांधी के 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले पर भी रॉबर्ट वाड्रा ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी सत्ता और पद के पीछे नहीं भागती थीं। उनकी प्राथमिकता देश में धर्मनिरपेक्षता बनाए रखना और समाज को बेहतर दिशा में आगे बढ़ाना था।
वाड्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित करने के फैसले को भी बेहद समझदारी भरा कदम बताया।
BJP नेताओं को खुले मन से किताब पढ़ने की अपील
रॉबर्ट वाड्रा ने भाजपा नेताओं से सोनिया गांधी के जीवन और अनुभवों को समझने की अपील की। उन्होंने कहा, "मैं कहना चाहूंगा कि भाजपा के लोगों को श्रीमती गांधी से सीखना चाहिए। उन्हें इस किताब को खुले मन से पढ़ना चाहिए। वह एक राजनेता की तरह हैं और कई लोगों के लिए मार्गदर्शक भी हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि लोगों का सम्मान पाने के लिए प्रधानमंत्री बनना जरूरी नहीं है। कोई व्यक्ति किसी बड़े पद को छोड़कर भी लोगों के दिलों में सम्मान हासिल कर सकता है। वाड्रा के मुताबिक, सोनिया गांधी ने यह साबित किया है कि राजनीति में पद से ज्यादा महत्वपूर्ण देश और जनता के हित में काम करने की सोच होती है।
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी की किताब 'Belonging' पर सियासी घमासान, दिग्विजय सिंह ने BJP पर उठाए सवाल