नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने 37 साल की उम्र में प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म LinkedIn पर अपना डेब्यू किया है। अपनी पहली पोस्ट में उन्होंने क्रिकेट से आगे बढ़कर भारत में स्पोर्ट्स बिजनेस और ब्रांड बनाने को लेकर अपना विजन साझा किया। उनकी पोस्ट में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली लाइन है- “The vision is clear”, यानी लक्ष्य बिल्कुल साफ है।
LinkedIn पर पहली पोस्ट में क्या बोले विराट कोहली?
विराट कोहली ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह ऐसा भारत देखना चाहते हैं, जहां हर खेल को पहचान मिले, लोग उसे पसंद करें और ज्यादा से ज्यादा लोग उसमें हिस्सा लें। उनके मुताबिक, भारत में नई पीढ़ी के खिलाड़ी यह साबित कर रहे हैं कि देश विश्वस्तरीय एथलीट तैयार करने के साथ-साथ दुनिया भर में पहचान बनाने वाले ब्रांड भी बना सकता है। कोहली का मानना है कि भारत को खेल की दुनिया में केवल हिस्सा लेने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे वैश्विक खेल उद्योग को दिशा देने में भी भूमिका निभानी चाहिए।
Agilitas और one8world से जुड़े हैं विराट
विराट कोहली अब केवल क्रिकेट और ब्रांड एंडोर्समेंट तक सीमित नहीं हैं। वह स्पोर्ट्सवियर कंपनी Agilitas में निवेशक हैं और one8world के सह-संस्थापक व सह-निर्माता भी हैं। अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया कि वह ऐसा स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म बनाने की दिशा में काम करना चाहते हैं, जिसमें खेल से जुड़े सामान का निर्माण, कंज्यूमर ब्रांड और उनकी बिक्री व वितरण जैसे काम शामिल हों। उनका उद्देश्य भारतीय कंपनियों और ब्रांड्स को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में योगदान देना है।
दिल्ली में ब्रांड लॉन्च करना रहा खास अनुभव
विराट ने अपनी पोस्ट में one8world के लॉन्च से जुड़ा अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि अपने शहर में हजारों लोगों के सामने ब्रांड को आकार लेते देखना उनके लिए जिंदगी के सबसे खास पलों में से एक था। उन्होंने कहा कि उनकी सोच सिर्फ आज के लिए कुछ बनाने की नहीं है, बल्कि ऐसा काम करने की है जो आने वाले लंबे समय तक लोगों के बीच अपनी पहचान बनाए रखे।
क्रिकेट के साथ बिजनेस पर भी फोकस
विराट कोहली क्रिकेट के मैदान पर अपनी पहचान पहले ही बना चुके हैं। अब उनका ध्यान खेल से जुड़े कारोबार और भारतीय ब्रांड्स को आगे बढ़ाने पर भी है। LinkedIn पर उनकी पहली पोस्ट इसी दिशा में एक कदम मानी जा रही है।
उनका संदेश साफ है कि खेल में सफलता हासिल करने के बाद भी नए लक्ष्य तय किए जा सकते हैं। अब देखना होगा कि क्रिकेट के साथ-साथ बिजनेस की दुनिया में विराट की यह नई पारी किस तरह आगे बढ़ती है।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर इन्फ्लुएंसर ने मांगी मिठाई, घर पहुंचने लगे लाखों के सामान! परेशान होकर बोला- बस करो