Aaryavir Sehwag: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान वीरेंद्र सहवाग के बड़े बेटे आर्यवीर सिंह ने मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप मैच में 168 गेंदों पर 160 रन बनाए। मस्कट में खेले गए प्रतियोगिता के 11वें मैच में आर्यवीर के बल्ले से 17 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के निकले।

इस सेंचुरी के बाद उन्होंने भारतीय टीम के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल के एक बड़े कीर्तिमान की बराबरी कर ली है। हालांकि, वह अंबाती रायडू के रिकॉर्ड से आगे नहीं निकल पाए।

आर्यवीर ने की शुभमन की बराबरी

छोटे सहवाग के द्वारा बनाए गए 160 रन यूथ ओडीआई में किसी भारतीय का पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है। शुभमन गिल ने 2017 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ 160 रन बनाए थे, जबकि मयंक अग्रवाल ने 2009 में होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इतने ही रन की पारी खेली थी।

अंडर-19 लेवल पर किसी भारतीय का सबसे बड़ा स्कोर अंबाती रायडू के नाम है, जिन्होंने 2002 में टॉन्टन में इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ नाबाद 177 रन बनाए थे। वैभव सूर्यवंशी दूसरे और तीसरे सबसे ज्यादा स्कोर के बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

युवा वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 वनडे विश्व कप फाइनल में 175 रन और 2025 में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 171 ठोके थे। राज बावा का 2022 में युगांडा के खिलाफ 162* रन यूथ वनडे में किसी भारतीय का चौथा सबसे बड़ा स्कोर है।

आर्यवीर ने स्थापित किया नया कीर्तिमान

अंडर-19 एशिया कप 2026 में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ आर्यवीर ने जैसे ही 153 रन के आंकड़े तक पहुंचे, वह अंडर-19 एशिया कप में एक पारी में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। आखिर में वह 168 गेंदों पर 160 रन बनाकर आउट हो गए।

जहां उनके पिता वीरेंद्र सहवाग पहली ही गेंद से बॉलिंग अटैक को ध्वस्त करने के लिए जाने जाते थे, तो वहीं आर्यवीर इससे उलट शुरुआत में पिच को समझते हैं और फिर अपने शॉट्स खेलते हैं।

टूर्नामेंट की शुरुआत में एक वीडियो में, आर्यवीर से उनके नैचुरल अटैकिंग अंदाज और विरासत में मिले बैटिंग स्टाइल के बारे में पूछा गया था। इस टीनएजर ने साफ किया कि उनकी सोच में उनके पिता की निडर विरासत और एक दूसरे भारतीय लेजेंड की कंट्रोल्ड इंटेंसिटी का मेल है।

मुझे अटैकिंग खेलना पसंद हैं- आर्यवीर

टूर्नामेंट की शुरुआत में आर्यवीर ने अपनी बैटिंग को लेकर कहा, "मुझे 100 प्रतिशत, अटैक करना पसंद है। मैं विराट कोहली का बहुत बड़ा फैन हूं, और मैं अपना क्रिकेट एग्रेसिव तरीके से खेलना चाहूंगा। सिर्फ सहवाग की तरह नहीं, बल्कि कोहली की तरह भी क्योंकि मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं। मैं हर उस टीम पर हावी होना चाहूंगा जो हमारे खिलाफ आए और देश के लिए जितना हो सके उतना करने और भारत के लिए मैच जीतने की कोशिश करूंगा।"

आर्यवीर हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग में खेले थे, और यह देखना बाकी है कि वह IPL 2027 ऑक्शन के लिए रजिस्टर करते हैं या नहीं।

ये भी पढ़ें- ‘मुझे मार डालो…’ आकाश चोपड़ा का हार्दिक पांड्या पर बड़ा बयान, फैंस को लगी मिर्ची