हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की रहने वाली 25 वर्षीय नेहा ठाकुर ने अपनी मेहनत और हौसले से एक अलग पहचान बनाई है। कभी उनका सपना एयर होस्टेस बनने का था, जिसके लिए उन्होंने चंडीगढ़ से ट्रेनिंग भी ली और एविएशन सेक्टर में काम भी किया। लेकिन किस्मत ने ऐसा मोड़ लिया कि उन्होंने आसमान की उड़ान छोड़कर सड़कों का सफर चुन लिया।
आज नेहा हिमाचल प्रदेश की पहली महिला ट्रक ड्राइवर के तौर पर जानी जाती हैं। भारी-भरकम ट्रक चलाने का उनका फैसला न सिर्फ उनके लिए नई शुरुआत बना, बल्कि उन लोगों के लिए भी जवाब है जो मानते हैं कि कुछ काम सिर्फ पुरुषों के लिए होते हैं।
बचपन से था गाड़ियों और पहाड़ी रास्तों से लगाव
नेहा का ट्रक चलाने का रिश्ता नया नहीं है। उनके पिता पिछले 20 साल से ज्यादा समय से ट्रक ड्राइविंग कर रहे हैं। बचपन में जब नेहा स्कूल जाती थीं, तो कई बार उनके पिता उन्हें ट्रक से स्कूल छोड़ने जाते थे। इसी दौरान उन्हें गाड़ियों और पहाड़ों के मुश्किल रास्तों को करीब से देखने का मौका मिला।
धीरे-धीरे यही अनुभव उनके अंदर एक अलग जुनून बन गया। हालांकि पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एयर होस्टेस बनने का रास्ता चुना, लेकिन उनका जुड़ाव ट्रकों और ड्राइविंग से हमेशा बना रहा।
कोरोना के बाद बदली जिंदगी की दिशा
कोरोना महामारी के दौरान जब एविएशन सेक्टर प्रभावित हुआ, तो नेहा ने अपने पुराने शौक को ही करियर बनाने का फैसला किया। साल 2022 में उन्होंने भारी मोटर वाहन (Heavy Motor Vehicle) का लाइसेंस हासिल किया और ट्रक ड्राइविंग की शुरुआत की।
शुरुआत आसान नहीं थी। पहाड़ी इलाकों में ट्रक चलाना अपने आप में बड़ी चुनौती है। संकरे रास्ते, खराब मौसम, बारिश और कोहरे के बीच ट्रक संभालना काफी मुश्किल होता है, लेकिन नेहा ने हर चुनौती का सामना किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई नेहा की कहानी
नेहा अब सोशल मीडिया पर ट्रक व्लॉगर के रूप में भी काफी लोकप्रिय हैं। वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के वीडियो शेयर करती हैं, जिसमें पहाड़ी रास्तों पर ट्रक चलाना, माल की लोडिंग-अनलोडिंग और सफर के अनुभव शामिल होते हैं।
उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए हैं। पहाड़ी रास्तों पर ट्रक चलाने वाले उनके एक वीडियो को करोड़ों लोगों ने देखा। उनकी मेहनत और आत्मविश्वास ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई है।
महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
नेहा का मानना है कि किसी भी काम को सिर्फ महिला या पुरुष के नजरिए से नहीं देखना चाहिए। जब उनसे पूछा जाता है कि उन्होंने एयर होस्टेस की नौकरी छोड़कर ट्रक चलाना क्यों चुना, तो उनका जवाब होता है,'ट्रक क्यों नहीं?'
नेहा आज अपनी कहानी से यह संदेश दे रही हैं कि अगर किसी इंसान में जुनून और मेहनत करने का जज्बा हो, तो वह किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकता है। उनकी यात्रा उन तमाम लड़कियों के लिए प्रेरणा है जो समाज की सोच से आगे बढ़कर अपने सपनों को पूरा करना चाहती हैं।
ये भी पढ़ें: Explainer: 2027 यूपी चुनाव पर राम गोपाल यादव का बड़ा बयान, BJP को लेकर किया दावा