शाहरुख खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के उन सितारों में शामिल हैं जिनकी लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। दुनियाभर में उनके करोड़ों प्रशंसक हैं, जो उनकी फिल्मों का लंबे समय से इंतजार करते हैं। साल 2023 में ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी बड़ी सफलताओं के बाद अब किंग खान अपनी अगली फिल्म ‘किंग’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच फिल्म के म्यूजिक राइट्स को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।
‘किंग’ के म्यूजिक राइट्स के लिए बड़ी डील की तैयारी
रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ के म्यूजिक राइट्स को लेकर इंडस्ट्री में काफी हलचल है। बताया जा रहा है कि फिल्म के लिए रिकॉर्ड स्तर की डील पर बातचीत चल रही है। सचिन-जिगर के फिल्म से जुड़ने के बाद इसका म्यूजिक एल्बम काफी चर्चा में आ गया है। सूत्रों के मुताबिक, कई बड़ी म्यूजिक कंपनियां ‘किंग’ के म्यूजिक राइट्स हासिल करने में दिलचस्पी दिखा रही हैं। इनमें सोनी म्यूजिक, सारेगामा और टी-सीरीज जैसी कंपनियों के नाम शामिल हैं। खबरों की मानें तो एक कंपनी करीब 50 करोड़ रुपये की पेशकश के साथ इस रेस में सबसे आगे चल रही है।
बड़ी म्यूजिक डील्स की लिस्ट में शामिल हो सकती है ‘किंग’
अगर यह डील फाइनल होती है तो ‘किंग’ आधुनिक दौर की सबसे महंगी म्यूजिक डील्स में शामिल हो सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का नॉन-थियेट्रिकल बिजनेस पहले ही काफी मजबूत नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह किसी एक हिंदी फिल्म के ओरिजिनल म्यूजिक एल्बम के लिए सबसे बड़ी डील्स में से एक हो सकती है। इससे पहले ‘रामायण’ जैसी फिल्मों के म्यूजिक राइट्स को लेकर भी बड़ी डील सामने आई थी, लेकिन ‘किंग’ एक ही फिल्म के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की डील के करीब पहुंचकर नया रिकॉर्ड बना सकती है।
ये भी पढ़ें- Huma Qureshi BirthDay: नेट वर्थ जानकर रह जाएंगे हैरान, फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट से कमाती हैं करोड़ों
फिल्म ‘किंग’ की रिलीज और स्टारकास्ट
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ क्रिसमस 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है। फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है और सिर्फ कुछ दिनों का काम बाकी बताया जा रहा है। फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन और एडिटिंग का काम तेजी से जारी है। फिल्म में शाहरुख खान के साथ सुहाना खान, अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण समेत कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ चुकी हैं और अब सभी की नजर इसके टीजर, ट्रेलर और म्यूजिक रिलीज पर टिकी हुई है।
Written By Toshi Shah