देश के कई हिस्सों में अचानक बढ़ी गर्मी से लोगों को राहत मिलने लगी है, क्योंकि कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने आज से लेकर 19 मार्च तक उत्तर प्रदेश, बिहार सहित लगभग 17 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर रविवार से ही बादल छाने और बारिश होने की शुरुआत हो चुकी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

दिल्ली का मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान में फिर से कमी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं अगले 48 घंटों के भीतर दिल्ली में तेज बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान लगभग 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार

दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, शाहजहांपुर समेत कई जिला में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है।

बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का असर

बिहार में भी आज से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इनमें से 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम ने करवट ले ली है। हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों के कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

तमिलनाडु का मौसम

तमिलनाडु की बता करें तो, वहां आज कुछ स्थानों पर तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। IMD ने आज रामनाथपुरम और थूथुकुडी जिलों में रविवार को हल्की बारिश की संभावना जताई है।

Written By Toshi Shah