Sawan 2026: हिंदू धर्म में सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र और शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस पूरे महीने में सच्चे मन से भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, बेलपत्र अर्पण और व्रत करने से भोलेनाथ की विशेष कृपा प्राप्त होती है। साथ ही माता पार्वती का भी आशीर्वाद मिलता है, जिससे जीवन में सुख, समृद्धि और वैवाहिक सौभाग्य का आगमन होता है। द्रिक पंचांग के अनुसार वर्ष 2026 में सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई, गुरुवार से होगी, जबकि इसका समापन 27 अगस्त, गुरुवार को श्रावण पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन के दिन होगा। इस बार सावन में कुल चार सोमवार और चार मंगला गौरी व्रत पड़ेंगे, जिनका विशेष धार्मिक महत्व है।

सावन 2026 की प्रमुख तिथियां

सावन के सोमवार भगवान शिव की विशेष पूजा के लिए अत्यंत शुभ माने जाते हैं। इस वर्ष पहला सावन सोमवार 3 अगस्त, दूसरा 10 अगस्त, तीसरा 17 अगस्त और चौथा 24 अगस्त 2026 को पड़ेगा। मान्यता है कि इन दिनों व्रत रखकर शिवलिंग पर जल, दूध और गंगाजल अर्पित करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन की बाधाएं दूर होती हैं।

मंगला गौरी व्रत किस दिन रखा जाएगा?

वहीं प्रत्येक मंगलवार को माता पार्वती को समर्पित मंगला गौरी व्रत रखा जाएगा। वर्ष 2026 में पहला मंगला गौरी व्रत 4 अगस्त, दूसरा 11 अगस्त, तीसरा 18 अगस्त और चौथा 25 अगस्त को होगा। यह व्रत अखंड सौभाग्य, सुखी दांपत्य जीवन और संतान सुख की कामना के लिए विशेष फलदायी माना जाता है।

सावन शिवरात्रि 2026 का महत्व

सावन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को सावन शिवरात्रि मनाई जाती है। इस दिन भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना का विधान है। कांवड़िए हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से लाया गया पवित्र गंगाजल शिवलिंग पर अर्पित करते हैं। वर्ष 2026 में सावन शिवरात्रि 11 अगस्त, मंगलवार को मनाई जाएगी। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से शिव पूजन करने पर भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होकर भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं और जीवन में सुख-शांति का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।

सावन में भगवान शिव की सरल पूजा विधि

सावन के दिनों में, विशेषकर सोमवार को, प्रातःकाल ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद भगवान शिव के व्रत और पूजा का संकल्प लें। तांबे के लोटे से शिवलिंग पर जल, गंगाजल और कच्चा दूध अर्पित करें। इसके पश्चात बेलपत्र, धतूरा, भांग, शमी के पत्ते, सफेद चंदन, अक्षत तथा आंकड़े के फूल अर्पित करें। अंत में धूप-दीप जलाकर शिव चालीसा का पाठ करें, "ॐ नमः शिवाय" मंत्र का श्रद्धापूर्वक जाप करें और भगवान शिव को फल या मिठाई का भोग लगाएं। श्रद्धा और भक्ति से की गई यह पूजा विशेष पुण्यफल प्रदान करती है।

महामृत्युंजय मंत्र का जाप और लाभ

सावन माह में महामृत्युंजय मंत्र का जाप अत्यंत शुभ और कल्याणकारी माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिव्य मंत्र के नियमित जाप से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां कम होती हैं, मानसिक तनाव दूर होता है और भय एवं नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति मिलती है। साथ ही भगवान शिव की कृपा से जीवन में सकारात्मकता, आत्मबल और सुख-समृद्धि का संचार होता है।

महामृत्युंजय मंत्र:

ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥

सावन के पूरे महीने इस मंत्र का श्रद्धापूर्वक जाप करने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है और भक्तों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।

Written By: Geeta Sharma