घर की सफाई हर परिवार की रोजमर्रा की दिनचर्या का हिस्सा होती है। झाड़ू और पोछा लगाने से घर साफ-सुथरा तो दिखता ही है, लेकिन अगर यह काम सही समय और सही तरीके से किया जाए तो सफाई ज्यादा देर तक बनी रहती है। अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि पोछा सुबह लगाना ज्यादा सही है या फिर शाम को। इसका जवाब सिर्फ समय नहीं, बल्कि घर की गतिविधियों पर भी निर्भर करता है।

सुबह पोछा लगाना है तो जल्दबाजी न करें
कई लोग सुबह उठते ही फर्श साफ करना शुरू कर देते हैं, लेकिन यह हमेशा सही तरीका नहीं माना जाता। सुबह के समय घर में सबसे ज्यादा हलचल रहती है। कोई ऑफिस के लिए निकल रहा होता है, बच्चे स्कूल की तैयारी में होते हैं और लगातार आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में गीले फर्श पर पैरों के निशान पड़ जाते हैं और थोड़ी ही देर में सफाई का असर खत्म हो जाता है। इसलिए अगर सुबह पोछा लगाना हो तो बेहतर होगा कि घर की शुरुआती भागदौड़ खत्म होने के बाद यह काम किया जाए।

शाम की सफाई भी हो सकती है फायदेमंद
जिन घरों में दिनभर लोगों का आना-जाना रहता है, वहां शाम का समय पोछा लगाने के लिए बेहतर माना जा सकता है। जब दिनभर के काम पूरे हो जाएं और रसोई की सफाई भी खत्म हो जाए, तब फर्श साफ करने से दोबारा गंदगी फैलने की संभावना कम रहती है। साथ ही फर्श को आराम से सूखने का समय भी मिल जाता है।

यह भी पढ़ें: क्या आपके फर्श पर पड़े रहते है बाल... तो करें ये आसान काम; मिनटों में हो जाएंगे साफ

सफाई का सही क्रम अपनाना जरूरी
बेहतर परिणाम के लिए सफाई हमेशा एक निश्चित क्रम में करनी चाहिए। सबसे पहले घर में बिखरा सामान अपनी जगह रखें। इसके बाद अलमारी, टेबल, फर्नीचर और ऊंची सतहों पर जमी धूल हटाएं। किचन और बाथरूम की सतहों की सफाई पूरी करने के बाद फर्श पर झाड़ू या वैक्यूम करें और अंत में पोछा लगाएं। अगर पोछा पहले लगा दिया जाए और बाद में धूल साफ की जाए तो सारी गंदगी दोबारा फर्श पर आ सकती है।

झाड़ू लगाए बिना पोछा न करें
फर्श पर मौजूद धूल, बाल और छोटे कचरे को पहले हटाना बेहद जरूरी है। अगर सीधे गीला पोछा लगाया जाए तो गंदगी साफ होने के बजाय पूरे फर्श पर फैल सकती है। यही वजह है कि झाड़ू या वैक्यूम करने के बाद ही पोछा लगाने की सलाह दी जाती है।

ज्यादा पानी का इस्तेमाल नुकसान पहुंचा सकता है
पोछा लगाते समय बहुत अधिक पानी का उपयोग करने से बचना चाहिए। खासतौर पर लकड़ी या लैमिनेट फ्लोरिंग पर ज्यादा नमी नुकसान पहुंचा सकती है। वहीं पोछा लगाने के बाद फर्श पूरी तरह सूखने तक उस पर चलने से बचें, ताकि फर्श पर निशान न पड़ें और फिसलने जैसी दुर्घटना से भी बचा जा सके।

हर बार पूरे घर में पोछा जरूरी नहीं
अगर किसी एक जगह पर चाय, खाना या कोई दूसरी चीज गिर गई हो, तो पूरे घर में पोछा लगाने की जरूरत नहीं होती। ऐसी स्थिति में केवल उसी हिस्से की सफाई करना पर्याप्त होता है। इसके लिए माइक्रोफाइबर कपड़ा या स्प्रे मॉप का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Written by Rozi Sinha