आज के समय में लैपटॉप सिर्फ ऑफिस तक सीमित नहीं रह गया है। पढ़ाई, ऑनलाइन मीटिंग, मनोरंजन और रोजमर्रा के कई काम अब इसी पर निर्भर करते हैं। ऐसे में अधिकांश लोगों ने अपने लैपटॉप में Sleep Mode और Hibernate जैसे विकल्प जरूर देखे होंगे, लेकिन इन दोनों के बीच का अंतर हर किसी को पता नहीं होता। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि दोनों कैसे काम करते हैं और किस स्थिति में कौन-सा विकल्प चुनना सही रहेगा।
क्या है Hibernate?
Hibernate Mode में लैपटॉप आपके सभी खुले हुए प्रोग्राम, डॉक्यूमेंट और अन्य कार्यों की वर्तमान स्थिति को हार्ड ड्राइव या SSD में सुरक्षित कर देता है। इसके बाद सिस्टम पूरी तरह बंद हो जाता है, जिससे बैटरी की बिल्कुल भी खपत नहीं होती। जब आप दोबारा लैपटॉप चालू करते हैं, तो सभी ऐप्स और फाइलें उसी स्थिति में खुल जाती हैं, जहां आपने काम छोड़ा था। हालांकि, इसे शुरू होने में Sleep Mode की तुलना में थोड़ा अधिक समय लग सकता है।
कैसे काम करता है Sleep Mode?
Sleep Mode में लैपटॉप पूरी तरह बंद नहीं होता, बल्कि कम बिजली की खपत वाली अवस्था में चला जाता है। इस दौरान सभी खुले हुए प्रोग्राम और फाइलें RAM में सुरक्षित रहती हैं। इसलिए पावर बटन दबाते ही लैपटॉप कुछ ही सेकंड में पहले वाली स्थिति में वापस आ जाता है। हालांकि, क्योंकि RAM लगातार सक्रिय रहती है, इसलिए बैटरी की थोड़ी-बहुत खपत जारी रहती है। यदि बैटरी पूरी तरह खत्म हो जाए और डेटा कहीं सेव न किया गया हो, तो उसे खोने का जोखिम हो सकता है।
Sleep और Hibernate में मुख्य अंतर
Sleep Mode बहुत तेजी से दोबारा शुरू होता है, लेकिन इसमें बैटरी की थोड़ी खपत होती रहती है। Hibernate में सिस्टम पूरी तरह बंद हो जाता है, इसलिए बैटरी बिल्कुल खर्च नहीं होती। Sleep में डेटा RAM में रहता है, जबकि Hibernate में हार्ड ड्राइव या SSD में सुरक्षित किया जाता है। लंबे समय तक लैपटॉप बंद रखना हो, तो Hibernate ज्यादा सुरक्षित विकल्प माना जाता है।
कौन-सा विकल्प चुनना चाहिए?
अगर आप केवल 10 मिनट से 1 घंटे तक का छोटा ब्रेक लेने वाले हैं, तो Sleep Mode सबसे सुविधाजनक विकल्प है क्योंकि इससे काम तुरंत शुरू किया जा सकता है। वहीं, यदि आप कई घंटों, पूरे दिन या यात्रा के दौरान लैपटॉप का इस्तेमाल नहीं करने वाले हैं, तो Hibernate बेहतर रहेगा। खासकर यदि आपके लैपटॉप की बैटरी कमजोर है, तो Hibernate का उपयोग अधिक सुरक्षित माना जाता है क्योंकि इसमें बैटरी की खपत नहीं होती।
Written By Toshi Shah