आज के समय में इंटरनेट हमारी रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। चाहे घर से ऑफिस का काम करना हो, ऑनलाइन पढ़ाई करनी हो, वीडियो मीटिंग अटेंड करनी हो या फिर बिना किसी रुकावट के OTT प्लेटफॉर्म पर मनोरंजन का आनंद लेना हो, हर काम के लिए तेज और भरोसेमंद इंटरनेट कनेक्शन जरूरी है। इंटरनेट कनेक्शन चुनते समय सबसे ज्यादा चर्चा दो तकनीकों की होती है। Satellite Internet और Fiber Broadband। दोनों का उद्देश्य हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराना है, लेकिन इनकी तकनीक, स्पीड और उपयोग का तरीका एक-दूसरे से काफी अलग है। आइए जानते हैं इन दोनों के बीच मुख्य अंतर।
क्या है Fiber Broadband?
फाइबर ब्रॉडबैंड एक ऐसी इंटरनेट तकनीक है, जिसमें ऑप्टिकल फाइबर केबल के माध्यम से डेटा ट्रांसफर किया जाता है। ये केबल बेहद पतले ग्लास या प्लास्टिक फाइबर से बनी होती हैं और इनमें डेटा प्रकाश (Light) के जरिए भेजा जाता है। इसी वजह से इंटरनेट की स्पीड काफी तेज रहती है और कनेक्शन भी बेहद स्थिर होता है। आमतौर पर फाइबर ब्रॉडबैंड 100 Mbps से लेकर 1 Gbps या उससे अधिक स्पीड देने में सक्षम होता है। भारत के कई शहरों और कस्बों में JioFiber, Airtel Xstream Fiber और BSNL जैसी कंपनियां यह सेवा उपलब्ध करा रही हैं।
क्या होता है Satellite Internet?
सैटेलाइट इंटरनेट पारंपरिक केबल नेटवर्क पर निर्भर नहीं रहता। इसमें इंटरनेट सेवा अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट की मदद से प्रदान की जाती है। यूजर के घर पर लगी डिश एंटीना सिग्नल को सैटेलाइट तक भेजती है और फिर वहीं से इंटरनेट डेटा वापस यूजर तक पहुंचता है। यह तकनीक खासतौर पर उन इलाकों के लिए उपयोगी मानी जाती है, जहां फाइबर केबल बिछाना मुश्किल होता है, जैसे पहाड़ी क्षेत्र, जंगल या दूर-दराज के ग्रामीण इलाके। भारत में भी कई कंपनियां सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने की तैयारी में हैं, जबकि वैश्विक स्तर पर Starlink जैसी कंपनियां पहले से यह सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।
Fiber Broadband कैसे काम करता है?
फाइबर ब्रॉडबैंड में डेटा ऑप्टिकल फाइबर के जरिए प्रकाश की गति से ट्रांसफर होता है। यही कारण है कि इसमें इंटरनेट की स्पीड अधिक होती है और कनेक्शन काफी स्थिर रहता है। कम लेटेंसी के कारण यह तकनीक हाई-स्पीड और निर्बाध इंटरनेट के लिए सबसे बेहतर विकल्प मानी जाती है।
Satellite Internet कैसे काम करता है?
सैटेलाइट इंटरनेट में घर पर लगा रिसीवर या डिश एंटीना इंटरनेट सिग्नल को सीधे अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट तक भेजता है। इसके बाद वही सिग्नल वापस पृथ्वी पर यूजर के डिवाइस तक पहुंचता है। डेटा को अंतरिक्ष तक जाकर वापस आने में समय लगता है, इसलिए इसकी लेटेंसी फाइबर ब्रॉडबैंड की तुलना में अधिक होती है।
स्पीड और परफॉर्मेंस में कौन बेहतर?
अगर केवल स्पीड और स्थिरता की बात करें तो फाइबर ब्रॉडबैंड स्पष्ट रूप से आगे है। यह 100 Mbps से लेकर 1 Gbps या उससे अधिक स्पीड आसानी से उपलब्ध करा सकता है। दूसरी ओर, सैटेलाइट इंटरनेट की डाउनलोड स्पीड आमतौर पर 25 Mbps से 150 Mbps के बीच रहती है, जबकि अपलोड स्पीड अपेक्षाकृत कम हो सकती है। फाइबर ब्रॉडबैंड में लेटेंसी बेहद कम होती है, जिससे ऑनलाइन गेमिंग, 4K वीडियो स्ट्रीमिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और लाइव स्ट्रीमिंग जैसे कार्य बिना किसी परेशानी के किए जा सकते हैं। वहीं, सैटेलाइट इंटरनेट में सिग्नल को अंतरिक्ष तक जाकर वापस लौटना पड़ता है, इसलिए इसमें प्रतिक्रिया समय (Latency) अधिक हो सकता है। हालांकि, जहां फाइबर नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, वहां सैटेलाइट इंटरनेट एक प्रभावी और उपयोगी विकल्प साबित होता है।
ये भी पढ़ें- Google Maps को कैसे पता चलता है सड़क पर कितना ट्रैफिक है? जानिए इसके पीछे की टेक्नोलॉजी
Written By Toshi Shah