बरसात का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं यह बालों के लिए कई नई परेशानियां भी लेकर आता है। इस दौरान हवा में नमी बढ़ने से स्कैल्प पर पसीना, चिपचिपाहट और गंदगी आसानी से जमा हो जाती है। इसका असर बालों पर भी दिखाई देता है और हेयर फॉल, डैंड्रफ, खुजली व फंगल इंफेक्शन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में सही हेयर ऑयल का चुनाव करना बेहद जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं मानसून में किन तेलों का इस्तेमाल बालों को स्वस्थ रखने में मददगार माना जाता है।

1. नारियल तेल में मिलाएं टी ट्री ऑयल
नारियल का तेल बालों को गहराई से पोषण देने के लिए जाना जाता है। अगर इसमें कुछ बूंदें टी ट्री एसेंशियल ऑयल मिला दिया जाए तो यह स्कैल्प की बेहतर देखभाल कर सकता है। टी ट्री ऑयल में मौजूद एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण बारिश के मौसम में होने वाली रूसी और स्कैल्प इंफेक्शन के खतरे को कम करने में सहायक माने जाते हैं।

2. नीम का तेल भी हो सकता है फायदेमंद
अगर बारिश के दिनों में सिर में खुजली, रूसी या छोटे-छोटे दाने बनने की समस्या रहती है, तो नीम का तेल एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें प्राकृतिक एंटीसेप्टिक और एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं, जो स्कैल्प को साफ और स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। हालांकि इसे सीधे लगाने के बजाय किसी कैरियर ऑयल जैसे नारियल या बादाम के तेल में मिलाकर इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है।

3. जोजोबा ऑयल से मिलेगा हल्का पोषण
जोजोबा ऑयल उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है जिनके बाल बारिश में जल्दी चिपचिपे या फ्रिजी हो जाते हैं। इसकी बनावट स्कैल्प के प्राकृतिक तेल से काफी मिलती-जुलती होती है। यह बालों को भारी महसूस कराए बिना मॉइस्चर बनाए रखने में मदद करता है और उन्हें मुलायम बनाता है।

यह भी पढ़े: DIY Neem Soap: बारिश के मौसम में बनाएं ये होममेड नीम साबुन, रैशेज और दानों से मिलेगा छुटकारा

4. बादाम का तेल बढ़ाए बालों की मजबूती
विटामिन ई और पोषक तत्वों से भरपूर बादाम का तेल कमजोर और रूखे बालों को पोषण देने में मदद करता है। नियमित रूप से इसका सीमित इस्तेमाल बालों के टूटने की समस्या को कम करने और उन्हें चमकदार बनाए रखने में सहायक हो सकता है।

मानसून में तेल लगाने का सही तरीका
तेल लगाने से पहले उसे हल्का गुनगुना कर लें, ताकि वह स्कैल्प में अच्छी तरह समा सके।
बाल धोने से लगभग 1 से 2 घंटे पहले ही तेल लगाएं। पूरे रात तेल लगाकर रखने से नमी और धूल स्कैल्प पर चिपक सकती है, जिससे डैंड्रफ की समस्या बढ़ सकती है।
उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से मसाज करें। तेज रगड़ने से कमजोर बाल ज्यादा टूट सकते हैं।
जरूरत से ज्यादा तेल लगाने से बचें और स्कैल्प को साफ रखने के लिए समय-समय पर माइल्ड शैम्पू का इस्तेमाल करें।

Written by Rozi Sinha