अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14 और 15 मई को चीन की यात्रा पर जाएंगे। व्हाइट हाउस ने बुधवार को इस कार्यक्रम की जानकारी दी। पहले यह दौरा इसी महीने के अंत में प्रस्तावित था, लेकिन ईरान से जुड़े युद्ध की स्थिति के कारण इसे टालना पड़ा था।

पत्नी के चीन जाएंगे ट्रंप

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ चीन जाएंगे, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष के अंत में ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन की वाशिंगटन डीसी में मेजबानी करेंगे। व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप और शी की यह मुलाकात वैश्विक अर्थव्यवस्था और सुरक्षा सहयोग के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, और दोनों नेता कई द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे।

यात्रा पहले की गई थी स्थगित

ईरान से जुड़े युद्ध के चलते यह यात्रा पहले स्थगित की गई थी। जब लीविट से पूछा गया कि क्या बैठक को फिर से तय करने के लिए युद्ध समाप्त होने की कोई शर्त रखी गई थी, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई समझौता नहीं हुआ था, उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति शी ने मौजूदा हालात को समझा और यात्रा टालने के अमेरिकी अनुरोध को स्वीकार कर लिया।

ट्रंप ने कही ये बात

ट्रंप और शी की पिछली मुलाकात पिछले साल अक्टूबर में दक्षिण कोरिया के बुसान में आयोजित एपीईसी सम्मेलन के दौरान हुई थी। हाल ही में ओवल ऑफिस में आयरलैंड के प्रधानमंत्री मिशेल मार्टिन से बातचीत के दौरान ट्रंप ने संकेत दिया था कि वह अपनी चीन यात्रा को कुछ हफ्तों के लिए आगे बढ़ा सकते हैं, उन्होंने कहा कि चीन के साथ बातचीत जारी है और दोनों नेता इस मुलाकात के लिए उत्साहित हैं।

   Written By Toshi Shah