UP Politics 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति का पारा 2027 के विधानसभा चुनाव से बहुत पहले ही चढ़ चुका है। सूबे में चुनावी बिसात बिछ चुकी है, टिकट के दावेदार अपनी गोटियां लाल करने में लगे हैं, तो वहीं राजनीतिक दलों के थिंकटैंक दलित वोट बैंक को साधने के लिए नए-नए ब्लूप्रिंट तैयार कर रहे हैं। इस सब के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 2027 के चुनाव में पार्टी की किस्मत पलट पाएंगे?
पार्टी की किस्मत पलट पाएंगे?
2007 के बाद से लगातार घटते जनाधार, संसद में शून्य और विधानसभा में महज़ एक सीट पर सिमटी बसपा के लिए यह चुनाव 'करो या मरो' की लड़ाई है। ऐसे में मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को यूपी के सियासी रण में उतारकर दांव तो बड़ा खेला है, लेकिन आकाश के आगे का रास्ता कांटों भरा नज़र आता है।
युवाओं और Gen-Z को साधने की आक्रामक कोशिश
31 वर्षीय आकाश आनंद को आगे लाकर बसपा अपनी पारंपरिक और सुस्त राजनीति के ढर्रे को बदलने की कोशिश में है। जो बसपा कभी सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखती थी, आकाश के आने के बाद वह अब हाई-टेक प्रचार और डिजिटल टूल का इस्तेमाल कर रही है। पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों पर आकाश की आक्रामक भाषण शैली ने दलित युवाओं और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं (Gen-Z) का ध्यान खींचने में सफलता पाई है।
हाथरस से जेवर तक रैलियों का तूफ़ान
संगठन को पुनर्जीवित करने के लिए आकाश आनंद यूपी के सभी 75 जिलों के सघन दौरे पर निकल रहे हैं, जिसकी शुरुआत 10 अगस्त को हाथरस (सादाबाद) से बड़े सम्मेलन के साथ इस सियासी पारी का आग़ाज़ हो रहा है। 25 अगस्त को जेवर (नोएडा) में बड़ी जनसभा का खाका खींचा गया है। आकाश इन सम्मेलनों के ज़रिए बसपा द्वारा घोषित (लगभग 25) प्रत्याशियों का आधिकारिक ऐलान भी कर रहे हैं, ताकि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंका जा सके।
चंद्रशेखर की 'सड़क' और भाजपा का 'कानूनी चक्रव्यूह'
आकाश आनंद के लिए यूपी की राह बिल्कुल भी आसान नहीं रहने वाली। उनके सामने मुख्य रूप से तीन बड़ी चुनौतियां हैं, जैसे कि आज़ाद समाज पार्टी (आसपा) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद दलित युवाओं के बीच अपनी पैठ मज़बूत कर चुके हैं। चंद्रशेखर जहां 'सड़क से लेकर संसद तक' तुरंत मौके पर पहुंचकर जुझारूपन दिखाते हैं, वहीं बसपा रणनीति बनाने में ही वक्त लगा देती है। चंद्रशेखर, मायावती पर सीधा हमला करने से बचकर बसपा समर्थकों की सहानुभूति भी बटोर रहे हैं, जिससे पश्चिमी यूपी में आकाश के लिए कड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
भाजपा के तेवर और कानूनी शिकंजा
2022 के चुनाव प्रचार के दौरान आकाश की 'आक्रामक भाषण शैली' (जिसके कारण उन पर एफआईआर दर्ज हुई थी और मायावती ने उन्हें पीछे खींचा था) को दोहराना अब जोखिम भरा है। सियासी विश्लेषकों का मानना है, अगर आकाश भाजपा सरकार के खिलाफ फिर तीखे तेवर दिखाते हैं, तो कानूनी शिकंजा कस सकता है। दूसरी तरफ, यदि वे मायावती की तरह रुख नरम रखते हैं, तो जुझारूपन की कमी के कारण दलित युवा चंद्रशेखर की तरफ खिंचते चले जाएंगे।
भीतरघात और भगदड़ की आशंका
चुनाव करीब आते ही बसपा के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर असंतोष पनपना स्वाभाविक है। अगर पुराने दिग्गज दल छोड़ते हैं, तो संगठन को बिखरने से बचाना आकाश के लिए दूसरा बड़ा इम्तिहान होगा।
क्या रंग लाएगा यह 'मास्टरस्ट्रोक'?
इसमें कोई दो राय नहीं कि आकाश आनंद 2027 के चुनाव में बसपा के सबसे बड़े 'ट्रंप कार्ड' हैं। अपनी आधुनिक सोच और आक्रामक अंदाज़ से वे पार्टी कैडर में नई जान फूंक रहे हैं। लेकिन असली चुनौती भाषणों और रैलियों की भीड़ को 'वोट बैंक' में तब्दील करने की है। 2027 का चुनाव यह तय करेगा कि क्या आकाश आनंद, चंद्रशेखर के जादू को बेअसर करके बसपा के खोए हुए 'दलित किले' को दोबारा फतह कर पाएंगे या नहीं!
Written by Shailesh Yadav