अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर एक बड़ा दावा किया है, उन्होंने कहा कि अमेरिका अब तक दुनिया में 8 संघर्षों को सुलझा चुका है और अब एक और युद्ध जीतने की ओर बढ़ रहा है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब Iran के साथ मिडिल ईस्ट में हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं।
ट्रंप का दावा 9वां युद्ध भी जीतेंगे
वॉशिंगटन में मीडिया से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने पहले ही कई बड़े विवादों को सुलझाया है और अब ईरान के साथ चल रही एक और युद्ध जीतने वाले हैं, उन्होंने यह भी कहा कि ईरान बातचीत करना चाहता है, लेकिन खुलकर सामने आने से हिचक रहा है। ट्रंप ने आगे बताया कि ईरान डील करने के लिए बहुत उत्सुक है, लेकिन वे इसे खुलकर कहने से डरते हैं। ट्रंप का कहना था, वे डील करना बहुत ज्यादा चाहते हैं, लेकिन डरते हैं कि उनके अपने ही लोग उन्हें मार डालेंगे, उन्हें यह भी डर है कि हम उन्हें मार डालेंगे।
ईरान का रुख
ट्रंप के बयान से पहले ही ईरान ने पाकिस्तान की किसी भी मध्यस्थता को खारिज कर दिया था। तेहरान का कहना है कि फिलहाल कोई बातचीत नहीं चल रही और वह अपनी शर्तों पर कायम है। ईरान की प्रमुख मांगों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हटाना, युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई, हॉर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण और मिसाइल कार्यक्रम पर किसी भी रोक से इनकार शामिल है।
जंग के हालात
मिडिल ईस्ट में हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं। हिजबुल्लाह द्वारा इजरायल के शहरों पर रॉकेट हमले किए गए, जबकि ईरान और इजरायल के बीच ड्रोन और एयर स्ट्राइक की घटनाएं भी सामने आई हैं। क्षेत्र में कई जगहों पर तनाव लगातार बढ़ रहा है।
भारत पर असर
भारत भी इस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने ट्रंप से बातचीत कर हॉर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित और खुला रखने की अपील की है। वहीं, भारत ने अपनी ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ईरान से तेल खरीद भी की है।
शांति प्रयास रहा असफल
ट्रंप द्वारा प्रस्तावित 15 सूत्रीय शांति योजना, जिसमें युद्धविराम और परमाणु कार्यक्रम पर रोक जैसी शर्तें शामिल थीं, जिसको ईरान ने खारिज कर दिया है। फिलहाल, बढ़ती तेल कीमतों और वैश्विक चिंता के बीच पूरी दुनिया इस संघर्ष के जल्द समाप्त होने का इंतजार कर रही है।
Written By Toshi Shah