आदित्य धर ने यह साबित कर दिया है कि अगर कहानी मजबूत हो, तो दर्शक फिल्म की लंबाई की परवाह नहीं करते, उनकी हालिया रिलीज ‘धुरंधर: द रिवेंज’ भले ही लंबी हो, लेकिन दर्शकों का इसे भरपूर प्यार मिल रहा है। फिल्म ने सिर्फ तीन दिनों में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जो इसकी जबरदस्त लोकप्रियता को दर्शाता है। भारतीय दर्शकों में इस फिल्म को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, इसी बीच कंगना रनौत ने फिल्म के डायरेक्टर की जमकर तारीफ की हैं।
कंगना रनौत ने फिल्म को लेकर किया पोस्ट
‘धुरंधर 2’ की सफलता हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी बेहद अहम मानी जा रही है। इस फिल्म ने ग्लोबल स्तर पर भारतीय सिनेमा को एक नई पहचान दिलाई है। आदित्य धर की कहानी कहने की शैली की हर तरफ सराहना हो रही है। इसी बीच अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी फिल्म की सफलता को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
फिल्ममेकर्स को सम्मान और श्रेय नहीं मिल पाता- कंगना
कंगना के मुताबिक, इस फिल्म की असली ताकत आदित्य धर हैं, उन्होंने उन्हें एक ‘सुपरस्टार डायरेक्टर’ बताते हुए कहा कि उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बना ली है। कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि हॉलीवुड में डायरेक्टर्स को सुपरस्टार का दर्जा दिया जाता है और कई बार वे एक्टर्स से भी ज्यादा प्रभावशाली होते हैं, लेकिन भारतीय सिनेमा में फिल्ममेकर्स को वह सम्मान और श्रेय नहीं मिल पाता, जिसके वे हकदार हैं।
कंगना ने कही ये बात
कंगना ने आगे कहा कि फिल्ममेकर्स सबसे ज्यादा मेहनत करते हैं, कम फीस लेते हैं और कई बार बड़े सितारों के दबाव का सामना भी करते हैं। इसका असर यह होता है कि आज के युवा फिल्ममेकिंग या टेक्निकल फील्ड में करियर बनाने के बजाय केवल अभिनेता बनने का सपना देखते हैं। कंगना का मानना है कि आदित्य धर जैसे फिल्ममेकर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन सकते हैं और इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
Written By Toshi Shah