मोबाइल, लैपटॉप और डेस्कटॉप में सेव स्क्रीनशॉट आज लगभग हर व्यक्ति की डिजिटल आदत का हिस्सा हैं। कभी किसी रेसिपी को याद रखने के लिए, कभी पसंदीदा ड्रेस या जूते देखने के लिए, तो कभी किसी सोशल मीडिया पोस्ट को बाद में पढ़ने के इरादे से स्क्रीनशॉट लिया जाता है। समय बीतने के साथ इनमें से अधिकतर तस्वीरें भुला दी जाती हैं, लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इन्हें अब केवल इमेज नहीं मान रहा। नई पीढ़ी के एआई सिस्टम इन स्क्रीनशॉट में मौजूद जानकारी को पहचानने, व्यवस्थित करने और जरूरत पड़ने पर उसके आधार पर काम करने की क्षमता विकसित कर रहे हैं।
स्क्रीनशॉट से कैसे काम ले रहे हैं एआई सिस्टम?
दुनिया की कई बड़ी टेक कंपनियां ऐसे एआई मॉडल तैयार कर रही हैं जो कंप्यूटर स्क्रीन को इंसानों की तरह समझ सकें। OpenAI का Computer-Using Agent (CUA), Anthropic का Computer Use और Google का ScreenAI स्क्रीन पर मौजूद इंटरफेस, बटन, टेक्स्ट और अन्य विजुअल जानकारी को समझकर टास्क पूरा करने में सक्षम हैं। दूसरी ओर, Microsoft का Recall फीचर समय-समय पर स्क्रीन की झलक सुरक्षित करता है, जबकि OnePlus और OPPO का MindSpace स्क्रीनशॉट को ऐसी एआई मेमोरी में बदलने की कोशिश करता है, जिसे बाद में आसानी से खोजा जा सके। इससे साफ है कि एआई अब सिर्फ लिखे हुए शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी स्क्रीन को देखकर भी निर्णय ले सकता है।
स्क्रीन को समझना क्यों जरूरी हो गया?
अब तक अधिकांश सॉफ्टवेयर आपस में संवाद करने के लिए API (Application Programming Interface) का इस्तेमाल करते रहे हैं। हालांकि, कई पुराने सॉफ्टवेयर, एंटरप्राइज सिस्टम और सरकारी पोर्टल आज भी आधुनिक API से लैस नहीं हैं। ऐसे में एआई के लिए सीधे स्क्रीन देखकर जानकारी समझना ज्यादा उपयोगी साबित हो रहा है। स्क्रीन पर दिखाई देने वाले विकल्पों, फॉर्म, कीमत, तारीख, लोकेशन और अन्य विजुअल एलिमेंट्स को पहचानकर एआई बिना API के भी कई काम कर सकता है।
प्राइवेसी पर बढ़ रही चिंता
स्क्रीन को समझने की बढ़ती क्षमता के साथ गोपनीयता से जुड़े जोखिम भी बढ़ रहे हैं। किसी भी स्क्रीन पर बैंकिंग जानकारी, मेडिकल रिकॉर्ड, निजी चैट, ईमेल, ऑफिस के दस्तावेज, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील डेटा दिखाई दे सकता है। यदि एआई सिस्टम को ऐसे कंटेंट तक पहुंच मिलती है, तो निजी जानकारी के दुरुपयोग का खतरा बढ़ सकता है। यही वजह है कि साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि एआई आधारित सुविधाओं का इस्तेमाल करते समय यूजर्स को अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स और डेटा शेयरिंग पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
Written By Toshi Shah