अगर सावन के व्रत में रोज़-रोज़ एक जैसा फलाहार खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार समा के चावल का स्वादिष्ट चीला बनाकर देखें। यह रेसिपी हल्की, पौष्टिक और पेट भरने वाली है। बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम यह चीला कम समय में तैयार हो जाता है। इसे हरी धनिया और मूंगफली की चटनी के साथ परोसने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
समा चावल का चीला बनाने के लिए सामग्री
1 कप समा के चावल
1 कप दही
1 कद्दूकस किया हुआ आलू
½ कप भुनी और दरदरी पिसी मूंगफली
1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
बारीक कटी हरी धनिया
2 बारीक कटी हरी मिर्च
कद्दूकस किया हुआ अदरक
स्वादानुसार सेंधा नमक
सेंकने के लिए घी या मूंगफली का तेल
यह भी पढ़ें : How To Make Fluffy Poori At Home: इन आसान तरीकों से बनाएं पूरी तरह फूली और स्वादिष्ट पूड़ियां
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले समा के चावल को धोकर करीब 30 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद चावल और दही को मिक्सर में पीसकर मुलायम बैटर तैयार करें। अब इसमें दरदरी मूंगफली, कद्दूकस किया आलू, अदरक, हरी मिर्च, धनिया, सेंधा नमक और जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। बैटर को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। अब तवा गर्म करें और उस पर हल्का घी या तेल लगाएं। तैयार बैटर को तवे पर फैलाकर धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें।
ऐसे बनाएं व्रत वाली चटनी
हरी धनिया, एक हरी मिर्च, थोड़ी भुनी मूंगफली, सेंधा नमक और एक चम्मच दही को मिक्सर में पीस लें। स्वादिष्ट चटनी तैयार है। इसे गर्मागर्म समा चावल के चीले के साथ परोसें और सावन के व्रत का स्वाद दोगुना करें।
Written by Rozi Sinha