गरमा-गरम फूली हुई पूड़ियां किसी भी खाने का स्वाद दोगुना कर देती हैं। चाहे आलू की सब्जी हो, छोले हों या फिर हलवा-खीर, हर चीज के साथ पूड़ी का मजा अलग ही होता है। लेकिन कई बार पूरी तैयारी करने के बाद भी पूड़ियां कढ़ाही में डालते ही फूलने के बजाय चपटी रह जाती हैं। कुछ पूड़ियां आधी फूलती हैं तो कुछ ज्यादा तेल पी लेती हैं।
अक्सर लोग इसकी वजह आटे को मानते हैं, लेकिन पूड़ी के सही आकार और उसके फूलने में बेलने का तरीका भी बहुत अहम होता है। आटा गूंथने की सही तकनीक, पूड़ी की मोटाई और तेल का सही तापमान जैसी छोटी-छोटी बातें आपकी पूड़ियों को परफेक्ट बना सकती हैं। अगर आपकी पूड़ियां भी बार-बार खराब हो जाती हैं, तो इन आसान टिप्स को जरूर अपनाएं।
पूड़ी को ज्यादा पतला बेलने की गलती न करें
कई लोग पूड़ी को कुरकुरी बनाने के चक्कर में उसे बहुत पतला बेल देते हैं। लेकिन ज्यादा पतली पूड़ी कढ़ाही में डालने पर अच्छी तरह फूल नहीं पाती। पूड़ी की सही मोटाई इतनी होनी चाहिए कि वह न रोटी की तरह पतली लगे और न ही ज्यादा मोटी हो। ध्यान रखें कि पूरी सतह पर मोटाई एक जैसी रहे। अगर बीच का हिस्सा पतला और किनारे मोटे रह गए तो तलते समय पूड़ी बराबर तरीके से नहीं फूल पाएगी।
बेलते समय हाथ का दबाव बराबर रखें
पूड़ी को गोल बनाने के लिए कई बार लोग बेलन से एक ही जगह ज्यादा दबाव डाल देते हैं। इससे पूड़ी देखने में गोल तो लगती है, लेकिन उसकी मोटाई अलग-अलग हो जाती है। पूड़ी बेलते समय हल्के हाथों का इस्तेमाल करें और बेलन को धीरे-धीरे बीच से बाहर की ओर चलाएं। साथ ही लोई को थोड़ा-थोड़ा घुमाते रहें। इससे पूड़ी का आकार भी अच्छा रहेगा और वह हर तरफ से समान मोटी बनेगी।
यह भी पढ़ें: Breakfast Recipe: आलू-पनीर और स्वीट कॉर्न सैंडविच से करें दिन की स्वादिष्ट शुरुआत, झटपट बनकर होगा तैयार
ज्यादा सूखे आटे का इस्तेमाल न करें
रोटी बेलने के लिए सूखे आटे का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन पूड़ी के मामले में ज्यादा सूखा आटा नुकसान कर सकता है। यह तलते समय तेल में गिरकर जल सकता है और तेल की गुणवत्ता भी खराब कर सकता है। अगर आटा सही तरीके से तैयार किया गया है तो पूड़ी बेलने के लिए ज्यादा सूखे आटे की जरूरत नहीं पड़ेगी। जरूरत हो तो बेलन या चकले पर हल्का सा तेल लगाकर भी पूड़ी आसानी से बेली जा सकती है।
पूड़ी के लिए आटा सही कड़ा होना चाहिए पूड़ी का फूलना सिर्फ बेलने पर निर्भर नहीं करता, बल्कि आटे की बनावट भी इसमें बड़ी भूमिका निभाती है। पूड़ी के लिए आटा रोटी के मुकाबले थोड़ा सख्त गूंथना चाहिए। बहुत ज्यादा नरम आटा होने पर पूड़ियां बेलते समय फैल सकती हैं और तेल में डालने के बाद सही तरीके से फूल नहीं पातीं। पानी धीरे-धीरे डालकर आटा गूंथें ताकि उसकी नमी सही बनी रहे। आटा तैयार होने के बाद उसे कुछ समय के लिए ढककर रख दें, इससे वह अच्छी तरह सेट हो जाएगा।
बेली हुई पूड़ियों को ज्यादा देर खुला न रखें
कई लोग पहले सारी पूड़ियां बेल लेते हैं और फिर तलना शुरू करते हैं। ऐसा करने से पूड़ियां सूख सकती हैं और उनका फूलना प्रभावित हो सकता है। अगर आप ज्यादा मात्रा में पूड़ियां बना रहे हैं तो बेली हुई पूड़ियों को साफ कपड़े से ढककर रखें। सबसे अच्छा तरीका यही है कि थोड़ी-थोड़ी पूड़ियां बेलें और तुरंत तलते जाएं। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप घर पर हलवाई जैसी फूली हुई, नरम और कम तेल सोखने वाली पूड़ियां आसानी से बना सकते हैं।
Written by Rozi Sinha