लॉरेंस गैंग की ओर से रैपर बादशाह को सोशल मीडिया पर धमकी दी। बता दें कि रणदीप मलिक और अनिल पंडित नाम के एक सोशल मीडिया पेज से धमकी भरी पोस्ट साझा की गई। पोस्ट में रैपर बादशाह के टटीरी गाने का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि इस गाने के जरिए हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की गई है। पोस्ट में यह भी लिखा गया कि 2024 में “तेरे क्लब पर तुझे ट्रेलर दिखाया था, इस बार सीधे तेरे माथे में गोली मारेंगे।”
मनी एक्सचेंज कार्यालय पर सात राउंड गोलियां चली
इसी बीच पानीपत शहर की पॉश कॉलोनी मॉडल टाउन में शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे असंध रोड स्थित अनेजा पेट्रोल पंप के पास एक मनी एक्सचेंज कार्यालय पर तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बाइक पर आए हमलावरों ने बाहर से ही कार्यालय के शीशों पर सात राउंड गोलियां चलाईं। कार्यालय संचालक को कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगी थीं। इस पर उसने करीब आधा घंटा पहले डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस टीम के कहने पर वह शिकायत देने थाने गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने मौके पर पहुंचकर फायरिंग कर दी।
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर डाला पोस्ट
फायरिंग की घटना के बाद उसी सोशल मीडिया पेज से एक पोस्ट कर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में लिखा गया कि मनी एक्सचेंज कार्यालय पर हुई फायरिंग रणदीप मलिक और अनिल पंडित (यूएसए) ने करवाई है। साथ ही आरोप लगाया गया कि कार्यालय से हवाला के जरिए देश का पैसा बाहर भेजा जा रहा था, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंच रहा है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया, इसलिए इस बार “ट्रेलर” दिखाया गया है और “अभी पिक्चर बाकी है।” मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट की सत्यता की भी जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
Written By Toshi Shah