रणवीर सिंह (Ranveer Singh) हाल के दिनों में फिल्म डॉन 3 को लेकर चर्चाओं में बने हुए थे। इस फिल्म को लेकर उनके और निर्देशक फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) के बीच मतभेद की खबरें सामने आई थीं। इसी बीच अब एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें कहा जा रहा है कि रणवीर एक और बड़े प्रोजेक्ट से बाहर हो गए हैं।
वेलपरी से बाहर हुए रणवीर
दरअसल, निर्देशक एस. शंकर की अपकमिंग फिल्म वेलपरी को लेकर पहले चर्चा थी कि इसमें रणवीर सिंह और साउथ सुपरस्टार धनुष साथ दिखाई दे सकते हैं, लेकिन ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब इस प्रोजेक्ट में रणवीर की जगह किसी दूसरे अभिनेता को लेने की तैयारी चल रही है।
विक्की कौशल ने लिया रणवीर की जगह
जानकारी के मुताबिक फिल्म के मेकर्स ने दूसरे लीड रोल के लिए विक्की कौशल से बातचीत शुरू कर दी है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उन्हें इस भूमिका के लिए लगभग फाइनल भी कर लिया गया है। हालांकि अभी तक निर्माताओं की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सु वेंकटेशन लेखक के उपन्यास पर है आधारित
फिल्म वेलपरी मशहूर लेखक सु वेंकटेशन के ऐतिहासिक उपन्यास वीर युग नायकन वेल परी पर आधारित बताई जा रही है। कहानी प्राचीन तमिल इतिहास के एक वीर शासक के जीवन से प्रेरित है, जिस वजह से इस प्रोजेक्ट को काफी बड़े पैमाने पर बनाने की योजना है।
धनुष और विक्की कौशल एक साथ आएंगे नजर
अगर धनुष और विक्की कौशल सच में इस फिल्म में साथ आते हैं, तो यह जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी, जिसे लेकर फैंस में पहले से ही काफी उत्साह देखा जा रहा है।
Written By Toshi Shah