नवरात्रि के नौवें दिन, जिसे महानवमी कहा जाता है, मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। मान्यता है कि उनकी पसंदीदा चीजों का भोग लगाने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है। इसलिए नवमी के दिन मां को केसर, दूध और सूखे मेवों से बनी केसरिया खीर अर्पित करना शुभ माना जाता है।

यह खीर स्वाद में बेहद लाजवाब होती है, साथ ही इसका सुनहरा रंग और खुशबू पूरे त्योहार के माहौल को और भी खास बना देते हैं। बच्चों को भी यह खीर बहुत पसंद आती है। नवमी के दिन मां को प्रसन्न करने के लिए आप अपने हाथों से यह शुद्ध और स्वादिष्ट भोग बना सकते हैं।
केसरिया खीर बनाने की सामग्री:
फुल क्रीम दूध – 1 लीटर
चावल (बासमती) – 1/2 कप (30 मिनट भिगोए हुए)
चीनी – 3/4 कप (स्वादानुसार)
केसर – 15-20 धागे (2 चम्मच गर्म दूध में भिगोए हुए)
इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
कटे मेवे – बादाम, काजू, पिस्ता, किशमिश (2-3 बड़े चम्मच)
घी – 1 बड़ा चम्मच
विधि: भिगोए हुए चावलों का पानी निकालकर उन्हें हल्का सा दरदरा पीस लें।

मां सिद्धिदात्री के भोग के लिए केसरिया खीर बनाने की आसान विधि
एक भारी तले वाली कढ़ाई में दूध डालकर तेज आंच पर उबालें और फिर आंच धीमी कर दें। उबलते दूध में दरदरे किए हुए चावल डालकर धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक चावल पूरी तरह गल न जाएं और दूध आधा रह जाए। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध नीचे न लगे। खीर गाढ़ी होने पर इसमें चीनी और केसर वाला दूध मिलाएं और 5-7 मिनट तक पकाएं। अलग पैन में घी गर्म करके कटे हुए मेवे हल्का सुनहरा होने तक भूनें और खीर में डाल दें। अंत में इलायची पाउडर मिलाकर अच्छी तरह मिलाएं। खीर को ठंडी या गुनगुनी अवस्था में मां सिद्धिदात्री को भोग के रूप में अर्पित करें।
Written By - Namita Verma