Ramayana Part 1 Trailer Released: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। 30 जुलाई की ब्रह्ममुहूर्त बेला में मेकर्स ने फिल्म का करीब चार मिनट लंबा ट्रेलर रिलीज कर दिया। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई। सबसे ज्यादा सुर्खियां यश के रावण अवतार और रणबीर कपूर के शांत, गंभीर श्रीराम रूप ने बटोरी हैं।

रावण के दमदार इंट्रो से होती है शुरुआत

ट्रेलर की शुरुआत यश के रावण अवतार से होती है। संवाद गूंजता है कि देवलोक, पृथ्वीलोक और पाताललोक... तीनों लोकों में एक ही राज होगा... रावण राज। जटाधारी, विशालकाय और योद्धा के रूप में यश का लुक बेहद प्रभावशाली नजर आता है। ट्रेलर में उन्हें अकेले बड़ी-बड़ी सेनाओं का सामना करते हुए दिखाया गया है, जिससे उनका किरदार बेहद शक्तिशाली दिखाई देता है।

श्रीराम के रूप में रणबीर कपूर ने जीता दिल

रावण के बाद ट्रेलर में भगवान विष्णु के श्रीराम अवतार की झलक मिलती है। संवाद आता है कि जब-जब पृथ्वी पर पाप बढ़ा है, भगवान विष्णु ने अवतार लेकर उसकी रक्षा की है... मेरा ज्येष्ठ पुत्र, राम। 

श्रीराम के किरदार में रणबीर कपूर का शांत, संयमित और प्रभावशाली अंदाज दर्शकों को आकर्षित करता है। युवा राम से लेकर उनके व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों को ट्रेलर में बेहद सलीके से दिखाया गया है।

पहली बार दिखीं साई पल्लवी और रवि दुबे की झलक

ट्रेलर में पहली बार माता सीता के रूप में साई पल्लवी और लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे नजर आए हैं। वहीं शूर्पणखा के रूप में रकुल प्रीत सिंह की झलक भी देखने को मिलती है। ट्रेलर में लक्ष्मण द्वारा शूर्पणखा की नाक काटने वाला दृश्य भी दिखाया गया है।

बैकग्राउंड म्यूजिक और VFX बने सबसे बड़ी ताकत

ट्रेलर का बैकग्राउंड स्कोर ऑस्कर विजेता हांस जिमर और एआर रहमान ने तैयार किया है, जो हर दृश्य को भव्यता प्रदान करता है। वहीं इंद्रदेव के ऐरावत, जटायु और अन्य पौराणिक दृश्यों के VFX भी बेहद शानदार नजर आते हैं। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG ने तैयार किए हैं।

हनुमान के किरदार में सनी देओल की नहीं मिली झलक

ट्रेलर में हनुमान बने सनी देओल दिखाई नहीं दिए। माना जा रहा है कि उनका किरदार फिल्म के दूसरे भाग में ज्यादा महत्वपूर्ण होगा, इसलिए मेकर्स ने फिलहाल उन्हें ट्रेलर से दूर रखा है।

ब्रह्ममुहूर्त में ही क्यों रिलीज हुआ ट्रेलर?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स पहले ट्रेलर को सैन डिएगो कॉमिक-कॉन के बाद रिलीज करने वाले थे। बाद में इसे हॉलीवुड फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' के थिएटर शो के साथ अटैच करने की योजना बनी। आशंका थी कि थिएटर रिलीज के बाद ट्रेलर लीक हो सकता है। इसी वजह से इसे 30 जुलाई की सुबह ब्रह्ममुहूर्त में आधिकारिक तौर पर यूट्यूब पर रिलीज कर दिया गया।

कब रिलीज होगी 'रामायण'?

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' दो भागों में रिलीज होगी। 'रामायण: पार्ट 1' दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि 'रामायण: पार्ट 2' दिवाली 2027 में रिलीज की जाएगी।

फिल्म में रणबीर कपूर (श्रीराम), साई पल्लवी (माता सीता), यश (रावण), सनी देओल (हनुमान), रवि दुबे (लक्ष्मण), अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

Written By Shailesh Yadav