वजन कम करने के लिए सिर्फ़ डाइट और एक्सरसाइज ही काफी नहीं होती। कई बार लगातार हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने के बावजूद भी वजन में कोई खास बदलाव नहीं दिखता। इसकी वजह शरीर में लंबे समय तक रहने वाली सूजन (क्रोनिक इंफ्लेमेशन), बढ़ा हुआ कोर्टिसोल लेवल, खराब पाचन और बार-बार होने वाली ब्लोटिंग भी हो सकती है। डाइट और वेलनेस कोच रिचा गंगानी के मुताबिक, कुछ प्राकृतिक ड्रिंक्स पाचन तंत्र को बेहतर बनाने, शरीर में सूजन कम करने और गट हेल्थ सुधारने में मददगार हो सकती हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर पांच ऐसे ड्रिंक्स बताए हैं, जिन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल करने से उन्हें 21 दिनों में कमर का साइज़ 32 से 28 इंच तक लाने में मदद मिली। हालांकि, यह उनका व्यक्तिगत अनुभव है और हर व्यक्ति में परिणाम अलग हो सकते हैं।
1. चिया-जिंजर ड्रिंक
250 मिलीलीटर पानी में एक बड़ा चम्मच चिया सीड्स और अदरक के 4-5 टुकड़े डालकर कम से कम 30 मिनट या रातभर भिगो दें। सुबह इसे हल्का गुनगुना करके पिएं। यह ड्रिंक शरीर को हाइड्रेट रखने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।
2. अलसी का ड्रिंक
एक गिलास पानी में एक चम्मच अलसी का पाउडर मिलाकर सुबह सेवन करें। अलसी में मौजूद घुलनशील फाइबर पाचन तंत्र को सपोर्ट करता है और मल त्याग को नियमित रखने में सहायक माना जाता है।
यह भी पढ़ें : चिया सीड्स खाने से पहले जान लें ये बातें, ज्यादा सेवन से हो सकते हैं ये नुकसान
3. ऑलिव ऑयल और नींबू ड्रिंक
एक कप गुनगुने पानी में एक बड़ा चम्मच एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल और आधे नींबू का रस मिलाकर सुबह पिएं। यह ड्रिंक पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने और सुबह पेट साफ होने में मदद कर सकता है।
4. इसबगोल गट क्लेंज ड्रिंक
250 मिलीलीटर पानी में एक छोटा चम्मच इसबगोल और एक चम्मच नींबू का रस मिलाकर सेवन करें। इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर मल की मात्रा बढ़ाने और कब्ज की समस्या कम करने में मदद कर सकता है।
5. जीरा, धनिया और सौंफ की चाय
300 मिलीलीटर पानी में आधा-आधा चम्मच जीरा, धनिया और सौंफ डालकर 5 से 7 मिनट तक उबालें। छानकर सोने से 30 से 60 मिनट पहले पिएं। यह हर्बल चाय पाचन सुधारने और पेट की सूजन कम करने में सहायक मानी जाती है।
ध्यान रखें कि इन ड्रिंक्स को लेकर किए गए दावे व्यक्तिगत अनुभव पर आधारित हैं। वजन घटाने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वस्थ जीवनशैली सबसे अहम हैं। यदि आपको थायरॉयड, पीसीओएस, डायबिटीज़ या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या है, तो किसी भी नए डाइट प्लान या घरेलू उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर या योग्य डाइटिशियन की सलाह जरूर लें।
Written by Rozi Sinha