चिया सीड्स को सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही वजह है कि फिटनेस और हेल्थ को लेकर जागरूक लोग इन्हें अपनी डाइट का हिस्सा बना रहे हैं। हालांकि, किसी भी चीज का जरूरत से ज्यादा सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। चिया सीड्स भी इससे अलग नहीं हैं।
1. पाचन तंत्र पर पड़ सकता है असर
चिया सीड्स में फाइबर की मात्रा काफी ज्यादा होती है। अगर इन्हें अचानक अधिक मात्रा में खाना शुरू कर दिया जाए, तो शरीर को इन्हें पचाने में परेशानी हो सकती है। इसकी वजह से गैस, पेट फूलना, पेट में दर्द, कब्ज या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
2. गले में फंसने का बढ़ सकता है खतरा
चिया सीड्स पानी को तेजी से सोखकर फूल जाते हैं। इन्हें सूखा खाने के बाद तुरंत पानी पीने से ये गले या खाने की नली में अटक सकते हैं, जिससे परेशानी पैदा हो सकती है। इसलिए इन्हें खाने से पहले भिगोना और सीमित मात्रा में सेवन करना बेहतर माना जाता है।
3. ब्लड प्रेशर बहुत कम हो सकता है
चिया सीड्स में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसका ज्यादा सेवन ब्लड प्रेशर को जरूरत से ज्यादा कम कर सकता है। खासकर वे लोग जो पहले से हाई बीपी की दवाएं लेते हैं, उन्हें अधिक मात्रा में चिया सीड्स खाने से बचना चाहिए।
यह भी पढ़ें: रोज की थाली में प्रोटीन की कमी क्यों? इन आदतों की वजह से पूरा नहीं हो पाता Daily Protein Target
4. ब्लड शुगर में गिरावट का खतरा
चिया सीड्स का फाइबर ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मदद करता है, लेकिन डायबिटीज की दवा लेने वाले लोगों में इसका अत्यधिक सेवन शुगर लेवल को जरूरत से ज्यादा कम कर सकता है। ऐसे लोगों को अपनी डाइट में इसे शामिल करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए।
5. एलर्जी की हो सकती है समस्या
कुछ लोगों के शरीर को चिया सीड्स सूट नहीं करते। अधिक सेवन करने पर एलर्जी के लक्षण जैसे त्वचा पर लाल चकत्ते, खुजली, आंखों से पानी आना, उल्टी या सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
कितनी मात्रा में करें सेवन?
चिया सीड्स फायदेमंद जरूर हैं, लेकिन इन्हें संतुलित मात्रा में लेना जरूरी है। सामान्य तौर पर रोजाना सीमित मात्रा में और पानी में भिगोकर सेवन करना बेहतर विकल्प माना जाता है। किसी बीमारी या दवा के सेवन की स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना उचित रहता है।
Written by Rozi Sinha