Nora Fatehi Song Controversy: नोरा फतेही का नया गाना 'सरके चुनर तेरी सरके' रिलीज होते ही विवादों में घिर गया है। आपको बता दें, कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' के इस आइटम सॉन्ग के हिंदी वर्जन को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त विरोध देखने को मिला। यूजर्स ने गाने के बोल और डांस स्टेप्स को अश्लील और आपत्तिजनक बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की, जिसके बाद मेकर्स ने इसका हिंदी वर्जन यूट्यूब से हटा दिया है।
गाने के लिरिक्स से मचा बवाल
दरअसल, गाने के रिलीज होते ही दर्शकों ने इसके लिरिक्स और प्रस्तुति पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई लोगों का कहना था कि यह गाना सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है और खासकर युवाओं व नाबालिगों पर इसका गलत प्रभाव पड़ सकता है। मामला इतना बढ़ गया कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पास भी इसकी शिकायत दर्ज कराई गई।
बढ़ते विवाद के चलते यूट्यूब से हटाया गया गाना
एडवोकेट विनीत जिंदल ने CBFC को लिखित शिकायत देकर गाने के बोल और दृश्यों को अश्लील और अनुचित बताया। उन्होंने मांग की कि इस गाने पर प्रतिबंध लगाया जाए। शिकायत के बाद बढ़ते विवाद को देखते हुए प्रोडक्शन हाउस ने गाने के हिंदी वर्जन को यूट्यूब से हटाने का फैसला लिया।
14 मार्च को गाना रिलीज किया गया था
हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि इस गाने के अन्य भाषाओं कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम वर्जन अभी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं। म्यूजिक कंपनी द्वारा 13 मार्च को इसका प्रोमो जारी किया गया था और 14 मार्च को पूरा गाना रिलीज किया गया था, जिसके तुरंत बाद यह विवादों में आ गया।
गाने के लेखक रकीब आलम दी सफाई
गाने के लेखक रकीब आलम ने इस पूरे विवाद पर अपनी सफाई भी दी है। उनका कहना है कि यह गाना मूल रूप से कन्नड़ भाषा में लिखा गया था और उन्हें इसे हूबहू हिंदी में ट्रांसलेट करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने पहले ही मेकर्स को आगाह किया था कि ट्रांसलेशन के दौरान कुछ शब्द विवाद खड़ा कर सकते हैं और सेंसर बोर्ड की आपत्ति भी आ सकती है। बावजूद इसके, निर्देशानुसार उन्होंने गाने का अनुवाद किया।
गानें को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वहीं अब सोशल मीडिया पर इस गाने को लेकर बहस अभी भी जारी है। कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा मान रहे हैं, तो वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स इस गाने पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल हिंदी वर्जन हटाए जाने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स आगे इस विवाद को कैसे संभालते हैं।
Writen By: Geeta Sharma