राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 री-एग्जाम का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार MBBS, BDS, AYUSH और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्र घोषित किए गए हैं। परिणाम का सबसे उल्लेखनीय पहलू यह रहा कि सफल उम्मीदवारों में महिलाओं की हिस्सेदारी 58 प्रतिशत से अधिक रही। इतना ही नहीं, महिलाओं का क्वालिफिकेशन रेट भी पुरुषों की तुलना में बेहतर रहा, हालांकि शीर्ष रैंक पर लड़कों का वर्चस्व देखने को मिला।
सफलता दर में महिलाओं ने पुरुषों को छोड़ा पीछे
एनटीए के जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाली 56.8 प्रतिशत महिला उम्मीदवार सफल रहीं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की सफलता दर 55.1 प्रतिशत दर्ज की गई। इससे साफ है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में इस वर्ष भी महिलाओं का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा। कुल सफल उम्मीदवारों में भी महिलाओं की हिस्सेदारी 58 प्रतिशत से अधिक रही, जो उनकी मजबूत भागीदारी को दर्शाती है।
715 अंक के साथ दो छात्रों ने साझा किया पहला स्थान
इस वर्ष पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहली रैंक हासिल की। परीक्षा में कुल 19 अभ्यर्थियों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 138 उम्मीदवारों के अंक 690 से ऊपर रहे। इन शीर्ष स्कोररों में 93 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए थे और लगभग 99 प्रतिशत की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही। यही कारण है कि कुल सफलता दर में महिलाओं के आगे रहने के बावजूद शीर्ष रैंक पर पुरुष उम्मीदवारों की संख्या अधिक रही।
उत्तर प्रदेश रहा सबसे आगे
राज्यों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने परीक्षा क्वालिफाई की। दूसरी ओर, लक्षद्वीप से 43 अभ्यर्थी सफल रहे। 705 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले शीर्ष 17 उम्मीदवार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्यों से रहे।
21 जून को हुआ था री-एग्जाम
NEET UG 2026 की री-परीक्षा 21 जून को आयोजित की गई थी। यह परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बनाए गए कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई थी।
58% लड़कियां सफल, फिर भी टॉप 10 में लड़कों का दबदबा
- AIR स्टेट /UT स्टेट टॉपर जेंडर कैटेगरी
- 1 पंजाब आर्यन गुप्ता मेल जनरल
- 2 हरियाणा पांशुल बंसल मेल जनरल
- 3 राजस्थान उपलक्ष्य गोयल मेल जनरल
- 4 बिहार आयुष भालोटिया मेल जनरल
- 5 महाराष्ट्र कुडाले श्रावणी कृष्णा फीमेल OBC-NCL
- 6 बिहार रिया रंजन फीमेल OBC-NCL
- 7 उत्तर प्रदेश आर्यन दुबे मेल जनरल
- 12 तमिलनाडु वें कटपति वेलायुथम वी. ए. मेल जनरल
- 13 तेलंगाना वीराहगरी सह्यु मेल जनरल
- 20 कर्नाटक वैष्णवी दास फीमेल जनरल
Written By Toshi Shah