हैदराबाद से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया हैं। जहां एक मां पर अपनी ही मासूम बच्ची की हत्या का आरोप लगा है। यह घटना शहर के रिसाला बाजार इलाके की बताई जा रही है, जो गोलकोंडा पुलिस थाना क्षेत्र में आता है। जानकारी के मुताबिक घर में रमजान के त्योहार को लेकर कपड़े खरीदने की बात पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी। यह मामूली बहस धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गई। इसी विवाद के बाद जो हुआ उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया।
गुस्से में मां ने उठाया खौफनाक कदम
मिली जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान गौसिया बेगम के रूप में हुई है, बताया जा रहा है कि उसका अपने पति के साथ विवाद हो गया था। झगड़े के बाद वह बेहद गुस्से में आ गई और इसी दौरान उसने ऐसा कदम उठा लिया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। आरोप है कि गुस्से में उसने अपनी 14 महीने की मासूम बेटी का तकिए से मुंह दबा दिया। कुछ ही पलों में बच्ची का दम घुटने लगा और वह बेहोश हो गई। जब तक परिवार के लोगों को पूरी घटना का पता चला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
परिवार और इलाके में पसरा मातम
परिजनों ने बच्ची को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन डॉक्टर उसे नहीं बचा सके। इस घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है। आसपास के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि एक मां अपने ही बच्चे के साथ ऐसा कर सकती है। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और लोग इसे बेहद दुखद बता रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गोलकोंडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम को ध्यान से समझने की कोशिश की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था और विवाद की असली वजह क्या थी।
घरेलू विवाद बताया जा रहा कारण
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रमजान के लिए कपड़े खरीदने को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस हुई थी। इसी विवाद के बाद महिला ने कथित तौर पर गुस्से में यह खौफनाक कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि गुस्से का एक पल किस तरह पूरे परिवार की जिंदगी बदल सकता है।
Written By Toshi Shah