उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जेल चुंगी इलाके में शुक्रवार और शनिवार की रात एक युवक ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता और बेटा साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी धीरे-धीरे इतना बढ़ गई कि गुस्से में आकर बेटे ने ईंट से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बता दें कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला?

मेरठ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जेल चुंगी इलाके का यह मामला है। यहां रहने वाले राजेश मूल रूप से बिहार के निवासी थे और पिछले कई वर्षों से अपने बेटे अमन के साथ मेरठ में रह रहे थे। दोनों कबाड़ का काम करके अपना गुजारा करते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात राजेश अपने बेटे अमन के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अमन ने पास में पड़ी ईंट उठाकर अपने पिता राजेश के सिर पर कई बार वार कर दिया, जिससे वे बुरी तरह घायल होकर लहूलुहान हो गए।

आरोपी बेटा गिरफ्तार, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना के बाद घायल पिता राजेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि नशे में धुत बेटे अमन ने वारदात के बाद अपने हाथ की नस भी काट ली। वहीं, पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह के अनुसार आरोपी अमन को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

Written By - Namita Verma