अगर हर बार एक जैसी वेज बिरयानी खाकर मन भर गया है और इस बार कुछ अलग स्वाद चखना चाहते हैं, तो मशरूम बिरयानी एक शानदार विकल्प हो सकती है। नरम और रसीले मशरूम, सुगंधित बासमती चावल और खुशबूदार मसालों का मेल इस डिश को खास बना देता है। अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए घंटों रसोई में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ती। कुछ आसान स्टेप्स अपनाकर आप घर पर ही रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पा सकते हैं।

मशरूम बिरयानी के लिए जरूरी सामग्री
इस रेसिपी के लिए लगभग डेढ़ कप बासमती चावल लें और उन्हें करीब 30 मिनट तक पानी में भिगो दें। इसके अलावा 200 ग्राम ताजे मशरूम को अच्छी तरह धोकर मनचाहे आकार में काट लें।

मशरूम को स्वादिष्ट बनाने के लिए दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, बिरयानी या गरम मसाला और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी।

तड़के के लिए पतले कटे प्याज, एक बारीक कटा टमाटर, हरी मिर्च, तेजपत्ता, दालचीनी, लौंग, छोटी इलायची और चक्रफूल जैसे साबुत मसाले रखें। गार्निशिंग के लिए ताजा पुदीना, हरा धनिया और थोड़ा घी या तेल भी तैयार रखें।

सबसे पहले करें मशरूम तैयार
एक बड़े बर्तन में मशरूम को दही और सभी मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाएं। इसे लगभग 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि मसालों का स्वाद मशरूम के अंदर तक पहुंच जाए।

ऐसे तैयार करें बिरयानी का मसाला
अब एक भारी तले की कड़ाही या प्रेशर कुकर में घी या तेल गर्म करें। इसमें प्याज डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक भूनें। थोड़ा-सा तला हुआ प्याज बाद में सजाने के लिए अलग निकाल लें। उसी तेल में साबुत मसाले डालकर कुछ सेकंड भूनें। इसके बाद हरी मिर्च और टमाटर डालें और टमाटर के नरम होने तक पकाएं। अब मैरीनेट किए हुए मशरूम डालकर मध्यम आंच पर कुछ मिनट तक भूनें, ताकि मसालों की खुशबू अच्छी तरह निकल आए।

इस तरह लगाएं बिरयानी की लेयर
जब मशरूम अच्छी तरह पक जाएं, तब उनके ऊपर भीगे हुए बासमती चावल फैलाएं। ऊपर से पुदीना, हरा धनिया, थोड़ा बिरयानी मसाला और पहले से तैयार तला हुआ प्याज डालें। इसके बाद जरूरत के अनुसार पानी और थोड़ा घी मिलाएं। यदि प्रेशर कुकर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो मध्यम आंच पर एक से दो सीटी आने तक पकाएं। पैन में बना रहे हैं तो ढककर तब तक पकाएं जब तक चावल पूरी तरह तैयार न हो जाएं।

परोसने से पहले करें ये छोटा-सा काम
बिरयानी तैयार होने के बाद उसे कुछ मिनट के लिए ढका रहने दें। फिर हल्के हाथों से चावल को फुलाएं और ऊपर से थोड़ा घी डालकर गर्मागर्म परोसें। रायता, सलाद या पापड़ के साथ इसका स्वाद और भी शानदार लगता है। अगर आप कम समय में स्वादिष्ट और अलग तरह की बिरयानी बनाना चाहते हैं, तो यह मशरूम बिरयानी रेसिपी आपके किचन के लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है।

 

written by Rozi Sinha