टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री कृतिका कामरा और मशहूर टीवी होस्ट गौरव कपूर ने बुधवार को मुंबई के बांद्रा में बेहद सादगी के साथ शादी कर ली। दोनों ने शोर-शराबे से दूर रहते हुए कोर्ट मैरिज के जरिए अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दिया। इस इंटिमेट वेडिंग सेरेमनी में केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए।
पूजा से हुई शादी समारोह की शुरुआत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी की शुरुआत पारंपरिक पूजा से की गई थी। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। दोनों ने अपनी शादी को बेहद निजी और शांत माहौल में रखने का फैसला किया, जिसके चलते समारोह को सीमित रखा गया। इस खास मौके पर मनोरंजन और खेल जगत से जुड़े कई बड़े नाम भी शामिल हुए। शादी में सोहा अली खान, फरहान अख्तर, मलायका अरोड़ा, अविका गौर और नेहा धूपा जैसे सितारे मौजूद रहे।
लाल साड़ी में नजर आईं कृतिका
अपनी शादी के खास दिन पर कृतिका कामरा ने पारंपरिक लाल रंग की साड़ी पहनी थी, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। वहीं गौरव कपूर भी ट्रेडिशनल आउटफिट में नजर आए। शादी के बाद दोनों ने मीडिया के सामने साथ में पोज़ दिए और उनकी खुशी साफ झलक रही थी।
लंबे समय से कर रहे थे डेट
कृतिका कामरा और गौरव कपूर पिछले काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। हालांकि दिसंबर 2025 में कृतिका ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद दोनों कई मौकों पर साथ नजर आए।
गौरव कपूर की दूसरी शादी
बता दें कि यह गौरव कपूर की दूसरी शादी है। उन्होंने साल 2014 में मॉडल और अभिनेत्री किरत भट्टल से शादी की थी, लेकिन 2021 में दोनों का तलाक हो गया था। वहीं कृतिका कामरा पहले अभिनेता करण कुंद्रा के साथ रिलेशनशिप में थीं, लेकिन बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया था।
Writen By: Geeta Sharma