कामदा एकादशी हिंदू धर्म का एक बहुत ही खास व्रत माना जाता है, जो चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष में आता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है और लोग अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना करते हैं। मान्यता है कि इस व्रत को करने से पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-शांति आती है। इसलिए हर साल बड़ी संख्या में लोग इस व्रत को पूरे श्रद्धा के साथ रखते हैं।
ललित और ललिता की प्रेम कहानी
कहानी के अनुसार, रत्नपुर नाम के राज्य में ललित नाम का एक गंधर्व रहता था, जो बहुत अच्छा गायक था। उसकी पत्नी ललिता एक अप्सरा थी और दोनों के बीच गहरा प्रेम था। एक दिन दरबार में गाते समय ललित का ध्यान अपनी पत्नी की तरफ चला गया, जिससे उसका सुर बिगड़ गया और उसने गलती कर दी।
श्राप ने बदल दी जिंदगी
ललित की इस गलती से राजा पुंडरीक नाराज हो गए और उन्होंने गुस्से में आकर उसे राक्षस बनने का श्राप दे दिया। श्राप मिलते ही ललित का रूप भयानक हो गया और वह जंगलों में भटकने लगा। उसकी पत्नी ललिता इस स्थिति से बहुत दुखी हुई, लेकिन उसने अपने पति का साथ नहीं छोड़ा और हर हाल में उसके साथ बनी रही।
व्रत करने का कारण
काफी समय बाद ललिता एक ऋषि के आश्रम पहुंची और उनसे अपने पति को श्राप से मुक्त करने का उपाय पूछा। ऋषि ने उसे कामदा एकादशी का व्रत रखने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि यह व्रत बहुत प्रभावशाली है और इसे सच्चे मन से करने पर बड़े से बड़ा कष्ट भी दूर हो सकता है।
व्रत का फल
ललिता ने पूरे नियम और श्रद्धा के साथ कामदा एकादशी का व्रत रखा। उसके व्रत के प्रभाव से ललित को श्राप से मुक्ति मिल गई और वह अपने असली रूप में वापस आ गया। इस कहानी से यह सीख मिलती है कि सच्ची भक्ति और विश्वास से भगवान की कृपा जरूर मिलती है और जीवन की मुश्किलें आसान हो जाती हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। यहां यह बताना जरूरी है कि TNP News किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है।
Written by: Anushka sagar