गाड़ी स्टार्ट करते ही क्लच दबाया और जैसे ही स्टीयरिंग घुमाया, नीचे से “कट-कट” की आवाज आने लगी। अक्सर लोग इसे मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। किसी को लगता है कि टायर में पत्थर फंस गया होगा, तो कोई सोचता है पुरानी गाड़ी में ऐसी आवाजें सामान्य हैं। लेकिन सच यह है कि यह आवाज आपकी कार का चेतावनी संकेत हो सकती है, जो किसी बड़ी खराबी का इशारा देती है। जो लोग ड्राइविंग पसंद करते हैं, वे जानते हैं कि गाड़ी की हालत उसकी आवाज से काफी हद तक समझी जा सकती है। स्टीयरिंग मोड़ते समय आने वाली कट-कट की आवाज सिर्फ सामान्य शोर नहीं होती, बल्कि यह सस्पेंशन, एक्सेल या स्टीयरिंग सिस्टम में खराबी का संकेत भी हो सकती है। अगर इसे समय रहते ठीक न कराया जाए, तो बीच रास्ते में गाड़ी का कंट्रोल बिगड़ने जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए ऐसी आवाज सुनते ही म्यूजिक की आवाज बढ़ाने के बजाय गाड़ी की जांच करवाना ज्यादा जरूरी है।

सीवी जॉइंट और एक्सेल में खराबी

ऐसी आवाज का सबसे सामान्य कारण सीवी जॉइंट (कॉन्स्टेंट वेलोसिटी जॉइंट) होता है। यह पार्ट इंजन की ताकत को पहियों तक पहुंचाने का काम करता है। इसके ऊपर एक रबर बूट लगा होता है, जिसमें ग्रीस भरी रहती है। जब यह बूट फट जाता है, तो ग्रीस बाहर निकलने लगती है और धूल-मिट्टी अंदर पहुंच जाती है। ग्रीस खत्म होने के बाद अंदर के धातु वाले हिस्से आपस में रगड़ खाते हैं, जिससे कट-कट की आवाज आने लगती है। लंबे समय तक इसे अनदेखा करने पर एक्सेल तक खराब हो सकता है और गाड़ी अचानक बंद या अनियंत्रित हो सकती है। इसकी शुरुआती जांच के लिए टायर के पीछे लगे काले रबर बूट को देखें। अगर वहां ग्रीस या तेल फैला दिखे, तो तुरंत मैकेनिक को दिखाना चाहिए।

सस्पेंशन और स्टीयरिंग सिस्टम की दिक्कत

कट-कट की आवाज का दूसरा बड़ा कारण सस्पेंशन सिस्टम या स्टीयरिंग रैक में खराबी हो सकता है। खराब सड़कों और गड्ढों की वजह से शॉक एब्जॉर्बर, बुश और लिंक रॉड जल्दी घिस जाते हैं। अगर आवाज उबड़-खाबड़ रास्तों पर ज्यादा सुनाई दे रही है, तो यह सस्पेंशन पार्ट्स के कमजोर होने का संकेत हो सकता है। कई बार स्टीयरिंग रैक में ढीलापन आने पर भी गाड़ी मोड़ते समय खट-खट की आवाज आती है। इसका असर सीधे गाड़ी की हैंडलिंग पर पड़ता है और ड्राइविंग असुरक्षित हो सकती है। ऐसी स्थिति में सिर्फ व्हील अलाइनमेंट करवाना काफी नहीं होता। बेहतर होगा कि पूरी अंडरबॉडी और स्टीयरिंग सिस्टम की अच्छी तरह जांच करवाई जाए।

Written By Toshi Shah