Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2' इन दिनों रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग ने ट्रेड एनालिस्ट्स और फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया है। फैंस के बीच फिल्म को लेकर इतना उत्साह है कि मेकर्स ने रिलीज से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को इसके पेड प्रीव्यू शोज रखने का फैसला किया है। इन शोज के लिए टिकटों की एडवांस बुकिंग तेजी से हो रही है, जिसके आंकड़े फिल्म की बड़ी ओपनिंग की ओर इशारा कर रहे हैं।

पहले पार्ट का रिकॉर्ड तोड़गी 'धुरंधर 2'

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 13 मार्च तक 'धुरंधर 2' के पेड प्रीव्यू शोज के लिए करीब 4 लाख 77 हजार 981 टिकट बिक चुके हैं। एडवांस बुकिंग के जरिए फिल्म अब तक लगभग 24.46 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। खास बात यह है कि यह आंकड़ा फिल्म के पहले पार्ट की ओपनिंग डे कमाई के काफी करीब पहुंच चुका है। 'धुरंधर' के पहले पार्ट ने रिलीज के पहले दिन करीब 28 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। ऐसे में माना जा रहा है कि पेड प्रीव्यू और एडवांस बुकिंग के जरिए ही 'धुरंधर 2' पहले पार्ट का रिकॉर्ड पार कर सकती है।

सबसे बड़ी ओपनर फिल्म का नाम

फिल्म की रिलीज में अभी भी कई दिन बाकी हैं और बुकिंग लगातार जारी है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर इसी तरह टिकटों की बिक्री जारी रही तो 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो सकती है। हालांकि, बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म का रिकॉर्ड अभी भी शाहरुख खान की 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'जवान' के नाम है, जिसने पहले दिन करीब 75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

पांच भाषाओं में रिलीज होगी 'धुरंधर 2'

'धुरंधर 2' को लेकर एक और खास बात यह है कि इस बार फिल्म को सिर्फ हिंदी ही नहीं बल्कि तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जा रहा है। इससे फिल्म की पहुंच पूरे देश में और भी ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है। वहीं इसके पहले पार्ट को निर्देशक आदित्य धर ने केवल हिंदी में रिलीज किया था, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था।

'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी

पहले भाग की जबरदस्त सफलता को देखते हुए 'धुरंधर 2' से भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है और क्या यह बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना पाती है या नहीं।

Writen By: Geeta Sharma