ईरान ने साफ कर दिया है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से अब हर जहाज को गुजरने की अनुमति नहीं मिलेगी। केवल वे जहाज, जिन्हें ईरान गैर-दुश्मन मानता है, और जो उसके खिलाफ किसी भी आक्रामक गतिविधि में शामिल नहीं हैं, उन्हें ही गुजरने देगा। वह भी पहले ईरानी अधिकारियों से अनुमति लेने के बाद।

ईरान ने पोस्ट के जरिए कही ये बात

ईरानी मिशन ने न्यूयॉर्क में एक पोस्ट के जरिए कहा कि जो जहाज ईरान के खिलाफ नहीं हैं और उसके विरोधियों का समर्थन नहीं करते, वे अगर सुरक्षा नियमों का पालन करें और पहले समन्वय कर लें, तो सुरक्षित रूप से इस जलडमरूमध्य से गुजर सकते हैं। इसके साथ ही ईरान की डिफेंस काउंसिल ने भी स्पष्ट कर दिया है कि सभी गैर-दुश्मन जहाजों के लिए पूर्व अनुमति लेना अब अनिवार्य होगा।

ईरान दी चेतावनी

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब ईरान, संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़रायल पर अपने क्षेत्र में हमले करने का आरोप लगा रहा है। ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि उसके ऊर्जा संयंत्रों या अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों पर फिर से हमला हुआ, तो उसकी सेना तुरंत कड़ा और विनाशकारी जवाब देगी।

ओमान और ईरान के बीच स्थित है हॉर्मुज जलडमरूमध्य

दरअसल, हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है। यह ओमान और ईरान के बीच स्थित है और फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है। दुनिया के बड़े हिस्से का कच्चा तेल इसी रास्ते से गुजरता है, इसलिए यहां किसी भी तरह की रुकावट वैश्विक ऊर्जा सप्लाई पर सीधा असर डाल सकती है।

ट्रंप ने किया ये दावा

इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका इस संघर्ष में बढ़त बना चुका है, उनका कहना है कि ईरान की नौसेना, वायुसेना और संचार प्रणाली को भारी नुकसान हुआ है, और अब ईरान बातचीत के लिए तैयार है।

 Written By Toshi Shah