बिहार में राज्यसभा चुनाव के बीच इफ्तार पार्टियों ने सियासी रंग ले लिया है। बता दें कि आज पटना में AIMIM की ओर से आयोजित इफ्तार कार्यक्रम में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के शामिल होने की संभावना बताई जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी राज्यसभा चुनाव में संभावित जीत के बाद 18 मार्च को अपने आवास 1 अणे मार्ग में भव्य ‘दावत-ए-इफ्तार’ देने वाले हैं। इसी बीच चिराग पासवान ने भी 16 मार्च को अपनी पार्टी कार्यालय में इफ्तार पार्टी आयोजित करने का ऐलान किया है। ऐसे में बिहार की राजनीति में इफ्तार पार्टियां एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं।

आज AIMIM के इफ्तार में तेजस्वी की मौजूदगी

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शिरकत करने जा रहे हैं। सीमांचल की राजनीति और मुस्लिम वोट बैंक पर पकड़ मजबूत करने की जद्दोजहद के बीच तेजस्वी का AIMIM के मंच पर जाना कई बड़े संकेत दे रहा है। आज की इस मुलाकात पर सत्ता पक्ष की भी नजर बनी हुई है।

राज्यसभा चुनाव के बाद CM हाउस में खास दावत

पटना के सबसे हाई-प्रोफाइल पते, 1 अणे मार्ग पर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की राह लगभग साफ हो चुकी है और 16 मार्च को परिणामों की औपचारिक घोषणा के बाद 18 मार्च को मुख्यमंत्री आवास में भव्य ‘दावत-ए-इफ्तार’ का आयोजन किया जाएगा। साल में सिर्फ एक बार खुलने वाले सीएम हाउस के दरवाजे इस बार कुछ खास होंगे। इसे नीतीश कुमार की नई पारी के जश्न के तौर पर देखा जा रहा है।

चिराग पासवान भी देंगे इफ्तार पार्टी

इस इफ्तार की इस रेस में चिराग पासवान भी पीछे नहीं हैं। 16 मार्च को जिस दिन राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग और रिजल्ट का शोर होगा, उसी शाम चिराग अपनी पार्टी कार्यालय में इफ्तार पार्टी के जरिए अपनी सियासी ताकत दिखाएंगे।

बिहार में फिर चर्चा में ‘इफ्तार डिप्लोमेसी’

राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि रमजान के दौरान आयोजित इफ्तार पार्टियां केवल सामाजिक मेल-मिलाप का अवसर नहीं होतीं, बल्कि इसके जरिए राजनीतिक रिश्तों को भी मजबूत किया जाता है। एक ओर AIMIM के इफ्तार में तेजस्वी यादव की मौजूदगी चर्चा में है, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री आवास में होने वाली दावत-ए-इफ्तार पर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

 Written By Toshi Shah