हुंडई (Hyundai) और Kia ने एक नई तकनीक विकसित की है, जिसका उद्देश्य कार के अंदर की हवा को ज्यादा साफ और सुरक्षित बनाना है। कंपनी का दावा है कि यह अपने तरह की पहली तकनीक है, जिसमें अल्ट्रावॉयलेट (UV-C) लाइट की मदद से कार के केबिन और एयर कंडीशनिंग सिस्टम में मौजूद बैक्टीरिया और वायरस को कम करने की कोशिश की जाती है।

AC सिस्टम के लिए किया गया डिजाइन

यह तकनीक खास तौर पर कार के AC सिस्टम के लिए डिजाइन की गई है। इसमें UV-C लाइट का उपयोग किया जाता है, जो एसी बंद होने के बाद कुछ समय के लिए अपने आप सक्रिय हो जाती है। इस दौरान यह एसी यूनिट के अंदरूनी हिस्सों पर काम करती है और वहां मौजूद कीटाणुओं, फंगस और बैक्टीरिया को कम करने में मदद करती है। पूरी प्रक्रिया ऑटोमैटिक होती है, इसलिए ड्राइवर को कोई अलग से सेटिंग करने की जरूरत नहीं पड़ती।

इस फीचर का मुख्य काम है ये

इस फीचर का मुख्य काम तब होता है जब ड्राइविंग खत्म हो जाती है और AC बंद किया जाता है। उसके बाद कुछ मिनटों के लिए सिस्टम खुद ही एक्टिव होकर UV-C किरणों के जरिए एसी सिस्टम की सफाई करता है, जिससे अंदर जमा होने वाली नमी से पैदा होने वाले बैक्टीरिया और फंगस को नियंत्रित किया जा सके।

फीचर करेगा कार के अंदर की हवा की गुणवत्ता को बेहतर

इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह माना जा रहा है कि इससे कार के अंदर की हवा की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है। लंबे समय तक एसी इस्तेमाल करने पर अक्सर उसमें नमी जमा हो जाती है, जिससे बदबू, फफूंदी और कई तरह के हानिकारक सूक्ष्मजीव पनप सकते हैं। यह नई तकनीक इन समस्याओं को काफी हद तक कम करने में मदद कर सकती है।

यात्रियों को मिलेगा साफ और ताजी हवा

इसके चलते यात्रियों को ज्यादा साफ और ताजी हवा मिलने की संभावना बढ़ जाती है। खासकर उन लोगों के लिए यह उपयोगी हो सकता है जो बच्चों या बुजुर्गों के साथ यात्रा करते हैं, क्योंकि साफ हवा होने पर एलर्जी और संक्रमण का खतरा कम हो सकता है।

Hyundai और Kia पेश की ये तकनीक

फिलहाल Hyundai और Kia ने इस तकनीक को पेश किया है और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में इसे अपने नए मॉडलों में शामिल किया जाएगा। अगर ग्राहकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है, तो भविष्य में यह फीचर और ज्यादा गाड़ियों में देखने को मिल सकता है।

 

 

Written By Toshi Shah