उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी। यह मामला नगर कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव दौलतगढ़ का बताया जा रहा है और सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है।

पूरा मामला क्या हैं?

जानकारी के अनुसार, राजकुमार नामक युवक की शादी कुछ साल पहले हुई थी और दंपति का एक बच्चा भी है। शुरुआती समय में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। आरोप है कि पत्नी अक्सर झगड़ा करती थी और नाराज होकर मायके चली जाती थी। इसी बीच पति को पत्नी के किसी अन्य युवक के साथ प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली, जिससे रिश्ते में तनाव और बढ़ गया।

पुलिस चक्कर के कारण मानसिक रूप से परेशान पीड़ित

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पिछले एक महीने में करीब 20 दिन तक मामला थाने तक पहुंचता रहा। बार-बार शिकायत और पुलिस चक्कर के कारण पति मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। इसी दौरान एक घटना ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

एक फोटो पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि पत्नी ने फेसबुक पर एक फोटो पोस्ट की, जिसमें नीला ड्रम लिखा हुआ था। इस पोस्ट को देखकर पति के मन में डर बैठ गया। दरअसल, हाल ही में मेरठ में हुए चर्चित नीला ड्रम कांड में एक महिला ने अपने पति की हत्या कर शव को ड्रम में छिपा दिया था। इस घटना का प्रभाव इतना गहरा था कि पति को अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका होने लगी।

प्रेमी के साथ जाने की जिद पर महिला

डर और तनाव के बीच पति ने पुलिस और महिला सेल का सहारा लिया और पत्नी से अलग होने की मांग की। मामला मेडिएशन सेल तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई। हालांकि, सुनवाई के दौरान पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही।

रिश्तों पर पड़े लगा है सोशल मीडिया का प्रभाव

आखिरकार, पति ने अपनी जान की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया और पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी। मेडिएशन सेल की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब दोनों पक्ष अलग होने पर सहमत हो गए, तो किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। यह मामला न केवल वैवाहिक विवादों की जटिलता को दर्शाता है, बल्कि सोशल मीडिया के प्रभाव और मानसिक दबाव के गंभीर पहलुओं को भी उजागर करता है।

 Writen By: Geeta Sharma