भारत में बढ़ती ईंधन लागत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए दोपहिया वाहन उद्योग में एक नया बदलाव देखने को मिल सकता है। देश की अग्रणी टू-व्हीलर निर्माता कंपनी Hero MotoCorp 3 जून को अपनी पहली फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिल पेश करने की तैयारी में है। यह बाइक पारंपरिक पेट्रोल के अलावा एथेनॉल आधारित ईंधन का भी उपयोग कर सकेगी। माना जा रहा है कि कंपनी अपनी लोकप्रिय कम्यूटर मोटरसाइकिलों में से किसी एक मॉडल के फ्लेक्स-फ्यूल संस्करण को बाजार में उतार सकती है। उद्योग जगत में चर्चा है कि यह मॉडल स्प्लेंडर प्लस या एचएफ डीलक्स प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी तक लॉन्च होने वाले मॉडल के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक क्यों है खास?
फ्लेक्स-फ्यूल वाहन ऐसे इंजन से लैस होते हैं जो अलग-अलग अनुपात में मिले पेट्रोल और एथेनॉल पर काम कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार हीरो की नई बाइक E85 से लेकर E100 तक के ईंधन मिश्रण को सपोर्ट कर सकती है। यहां E100 का अर्थ पूरी तरह एथेनॉल से बने ईंधन से है। यदि यह दावा सही साबित होता है, तो यह भारतीय कम्यूटर बाइक सेगमेंट में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी, क्योंकि वाहन लगभग पूरी तरह जैव-आधारित ईंधन पर संचालित किया जा सकेगा।
एथेनॉल से क्या होंगे फायदे?
एथेनॉल एक जैविक ईंधन है, जिसे गन्ना, मक्का और अन्य कृषि उत्पादों से तैयार किया जाता है। इसके उपयोग से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने में मदद मिल सकती है। साथ ही किसानों के लिए अतिरिक्त मांग और आय के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। यही वजह है कि केंद्र सरकार पिछले कुछ वर्षों से एथेनॉल मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है और वाहन निर्माताओं को इस दिशा में नई तकनीक विकसित करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
पहले भी दिखाई जा चुकी है तकनीक
हीरो मोटोकॉर्प ने फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक की झलक पहले भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 के दौरान पेश की थी। उस समय कंपनी ने एथेनॉल आधारित एचएफ डीलक्स का कॉन्सेप्ट मॉडल प्रदर्शित किया था। कंपनी के अनुसार यह तकनीक ईंधन के प्रकार और मिश्रण के अनुसार इंजन सेटिंग्स को स्वतः समायोजित कर सकती है, जिससे प्रदर्शन और दक्षता बेहतर बनी रहती है।
जानिए कीमत के बारे में
नई फ्लेक्स-फ्यूल बाइक की कीमत को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में अनुमान लगाया गया है कि एचएफ डीलक्स फ्लेक्स-फ्यूल संस्करण की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 77,000 रुपये हो सकती है। वहीं स्प्लेंडर आधारित फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल की संभावित कीमत करीब 88,000 रुपये बताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस लॉन्च के साथ भारत में वैकल्पिक ईंधन आधारित दोपहिया वाहनों को नई दिशा मिल सकती है और स्वच्छ परिवहन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ेगा।
Written By Toshi Shah